Nuh Digambar Jain Mandir
दिगम्बर मंदिर150+ yrs temple age

नूंह दिगम्बर जैन मंदिर

नूँह, हरियाणा
श्री 1008 पार्श्वनाथ भगवान
100-200 वर्ष
पता
नूँह, हरियाणा, 123001
हिन्दू विश्वविद्यालय के पास, नूंह, हरियाणा
समय
सुबह 6:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक
प्रबंध समिति

क्षेत्र में जैन परिवारों की संख्या कम होने के बावजूद भी मंदिर जी का संचालन सुचारु रूप से जैन समाज द्वारा किया जाता है। मंदिर संचालन में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -

परिचय

मंदिर जी का निर्माण आज से 150 वर्ष पूर्व जैन समाज द्वारा करवाया गया था। पहले मंदिर जी में एक वेदी हुआ करती थी जिसमें मूलनायक काले पाषाण की श्री पार्श्वनाथ जी की प्रतिमा के साथ मुनिसुव्रतनाथ भगवान एवं एक अन्य सफेद पाषाण की पार्श्वनाथ भगवान जी की प्रतिमा विराजमान थी। प्रतिमाओं का जलाभिषेक करने के लिए मंदिर परिसर में ही एक कुंई बनवाई गई है। लेकिन इसका पानी खारा होने के कारण सभी प्रतिमाएँ जीर्ण शीर्ण अवस्था में आ गई है।

वर्ष 2001 में स्थानीय जैन समाज द्वारा राजस्थान के पहाड़ी गाँव में पंचकल्याणक के समय अन्य प्रतिमाओं को प्रतिष्ठित करवाकर मंदिर जी की वेदियो में विराजमान किया गया था। जिसमें से श्री चन्द्रप्रभु भगवान जी एवं श्री पार्श्वनाथ भगवान जी की सफेद पाषाण की प्रतिमा को लाकर मंदिर जी की मूल वेदी में ही विराजमान किया गया था, जो आज भी वेदी में उपस्थित है। मंदिर जी में 2001 से पहले मूलतः एक वेदी थी लेकिन दो वेदियो का स्थान गर्भगृह में पहले से बना हुआ था। अतः जैन समाज द्वारा अन्य नवीन प्रतिमाओं को लाकर इन्ही वेदियों में विराजमान किया गया। लोगों द्वारा यह अवसर बड़ी धूम-धाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया था जिसमें हेलीकॉप्टर के द्वारा फूलों की वर्षा की गई थी।

वर्तमान में मंदिर जी की दूसरी वेदी में मूलनायक श्री 1008 शान्तिनाथ भगवान एवं श्री 1008 आदिनाथ भगवान जी की नवीन प्रतिमा विराजमान है। द्वितीय वेदी में ही इन प्रतिमाओं के साथ एक अन्य काले पाषाण की प्राचीन प्रतिमा विराजमान है जो की मंदिर जी के निर्माण के समय यानि 150 वर्ष या उससे भी अधिक समय की बताई जाती है। इस प्राचीन प्रतिमा जी का चिन्ह मिट जाने के कारण यह बताना कठिन है कि यह प्रतिमा किस भगवान जी की है। मंदिर जी की तृतीय वेदी में मूलनायक प्रतिमा श्री 1008 महावीर भगवान जी की विराजमान है।

12 photos

अतिशय कथा

“स्थानीय जैन समाज में भगवान पार्श्वनाथ जी की प्रतिमा का बहुत अतिशय है।”

मंदिर जी में प्रतिदिन प्रतिमाओं का जलाभिषेक होता है। इसके लिए मंदिर में ही एक पानी की कुंई बनी हुई है। एक दिन छोटा बच्चा अचानक उस कुंई में गिर गया। आस-पास खड़े सभी लोग भयभीत होकर उस बच्चे को बचाने का प्रयास करने लग पड़े। उस कुंई का मुँह बहुत पतला था। जिसके कारण उस बच्चे को निकालना बहुत मुश्किल हो गया था। कठिन प्रयासों के बाद उस बच्चे को बाहर निकाला गया। भगवान के आशीर्वाद से उस बच्चे को कुछ नहीं हुआ। वहाँ उपस्थित सभी लोगो ने इस घटना को पार्श्वनाथ भगवान जी का अतिशय ही बतलाया कि कुंई में गिरने पर भी बच्चा सुरक्षित बाहर निकल आया।

धर्मशाला

क्षेत्र में केवल दस से पंद्रह जैन परिवारों का समाज है। जैन परिवारों द्वारा ही मंदिर जी की देख-रेख का कार्य किया जाता है। मंदिर जी में प्रतिदिन पूजा-प्रक्षाल एवं जलाभिषेक की व्यवस्था सुचारु रूप से बनी हुई है। प्रतिदिन मंदिर जी में आने वाले श्रावको के लिए शुद्धता का पूरा ध्यान रखा गया है। क्षेत्र में जब भी जैन साधु महाराज जी का आगमन होता है, उनके आगमन पर रुकने की व्यवस्था मंदिर जी में की जाती है। जैन समाज द्वारा धर्मशाला का निर्माण किया जा रहा है।

इतिहास

नूहं जिला भारत के हरियाणा राज्य के 22 जिलों में से एक है। नूहं को प्राय सत्यमेवपूरम व मेवात के नाम से भी जाना जाता है। सत्यमेवपूरम यह नाम गाँधी जी द्वारा दिया गया एवं मेवों की संख्या अधिक होने के कारण इसे मेवात भी कहा जाता है। इसमें 1,860 वर्ग किलोमीटर (720 वर्ग मील) और 10.9 लाख जनसंख्या का क्षेत्रफल है। यह उत्तर में गुड़गांव जिले, पश्चिम में रेवाड़ी जिला और पूर्व में फरीदाबाद और पलवल जिलों से घिरा है। यह मुख्य मुस्लिम आबादी वाला क्षेत्र हैं। यह हरियाणा और उत्तर-पूर्वी राजस्थान का आधुनिक दक्षिणी भाग है। जिले में मुख्य व्यवसाय कृषि आधारित गतिविधिया है।

नक्शा
Loading map…
मंदिर साझा करें
WhatsApp

इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?

कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।