Rohini Sec 16 Jain Mandir
दिगम्बर मंदिर

रोहिणी सेक्टर 16, जैन मंदिर

उत्तर पश्चिम दिल्ली, दिल्ली
श्री 1008 शान्तिनाथ भगवान
0-100 वर्ष
वर्चुअल दर्शन
पता
उत्तर पश्चिम दिल्ली, दिल्ली, 110089
केनरा बैंक के पास, दिल्ली रॉकफील्ड पब्लिक स्कूल, पॉकेट ए 3, सेक्टर 16, रोहिणी, दिल्ली 110089
समय
सुबह 5:30 बजे से 11:30 बजे तक, शाम 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक
प्रबंध समिति

मंदिर के निर्माण की प्रेरणा श्री अरिहंत कुमार जैन जी से मिली, जो इस मंदिर के मुख्य निर्माता भी हैं। वर्तमान में उनके पुत्र दीपक जैन मंदिर के कोषाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। मंदिर के संचालन के लिए एक समिति बनाई गई है, जिसमें कुल 14 सदस्य विभिन्न पदों पर कार्य करते हैं। मंदिर में प्रधान, महासचिव के साथ-साथ उपप्रधान, कोषाध्यक्ष, मैनेजर और भंडारी भी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। मंदिर में कार्यरत प्रधान और महासचिव के नाम इस प्रकार हैं -

परिचय

भारत की राजधानी दिल्ली के रोहिणी और पीतमपुरा क्षेत्रों में लगभग 24 जैन मंदिरों का समूह स्थित है, लेकिन जैन अनुयायियों के लिए एक प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में प्रसिद्ध है रोहिणी सेक्टर 16 में स्थित श्री 1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर। वर्तमान में मंदिर का परिसर 400 गज क्षेत्र में विस्तारित है, जो चार मंजिला और सफेद संगमरमर से अत्यंत सुंदरता से निर्मित निर्मित है। मंदिर का मुख्य द्वार उं, ह्रिं और स्वस्तिक जैसे पवित्र धार्मिक प्रतीकों से सुसज्जित है और जैसे ही आप मंदिर के भीतर प्रवेश करते हैं, एक गहरी शांति और आनंद का अहसास होता है। मंदिर का पंच कल्याणक समारोह वर्ष 2016 में संपन्न हुआ, लेकिन वर्तमान मंदिर का निर्माण यात्रा एक अत्यंत रोचक और समाज के समन्वय की प्रेरणादायक कहानी है।

यह बात वर्ष 1998 से पूर्व की है, जब रोहिणी क्षेत्र के सेक्टर 15, 16, 17 और 18 में कोई जैन मंदिर न होने के कारण यहाँ के जैन समाज के लोगों को अहिंसा विहार, सेक्टर 9 स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जाना पड़ता था। उस समय यहाँ निवास कर रहे जैन समाज के कुछ प्रमुख व्यक्तियों ने धर्म प्रभावना के उद्देश्य से शास्त्री नगर जैन मंदिर से एक प्रतिमा लाकर क्षेत्र में पहली बार प्रभात फेरी का आयोजन किया। इससे वहां के अधिकांश जैन परिवारों में आपसी जुड़ाव बढ़ने लगा। इसके पश्चात, दशलक्षण के अवसर पर भगवान की प्रतिमा को 10 दिनों के लिए एक स्थान पर विराजमान किया गया, और फिर उसे एक महीने के लिए दूसरे स्थान पर स्थापित किया गया। जैसे-जैसे धर्म का प्रभाव बढ़ता गया, समाज के भीतर मंदिर निर्माण की इच्छा प्रबल हुई और एक समिति का गठन किया गया। इस प्रयास के परिणामस्वरूप, वर्ष 1998 में 26 मीटर के प्लॉट पर मंदिर का निर्माण हुआ, जिसमें निचली मंजिल पर जैन स्थानक और ऊपरी मंजिल पर दिगंबर मंदिर का निर्माण किया गया। इस प्रकार, यह मंदिर श्वेतांबर और दिगंबर सम्प्रदायों के समन्वय का एक अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत करता है।

कुछ समय बाद, 400 गज का एक बड़ा प्लॉट अधिग्रहित किया गया, जहां आज वर्तमान मंदिर स्थित है। प्रारंभ में, यहाँ 100 गज में मंदिर का निर्माण किया गया और समय के साथ मंदिर का पुनर्निर्माण किया गया। 24 जनवरी से 29 जनवरी 2016 तक मंदिर का भव्य पंच कल्याणक समारोह सम्पन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में आचार्य श्री श्रुत सागर जी महाराज, आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज, श्री प्रमुख सागर जी महाराज और श्री प्रमाण सागर जी महाराज के मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। मंदिर का निर्माण आधुनिक वास्तुकला के अनुसार किया गया है, जो इतनी आकर्षक और मनमोहक है कि यह हमारे मन को तुरंत आकर्षित कर लेती है। आज यह श्री 1008 शांतिनाथ भगवान दिगंबर जैन मंदिर रोहिणी समाज में एक प्रतिष्ठित धार्मिक केंद्र बन चुका है। यहाँ प्रतिदिन शान्तिधारा पूजन दर्शन के लिए 100-150 श्रद्धालु आते हैं, और धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान यह संख्या 400 से 500 श्रद्धालुओं तक पहुँच जाती है।

जैसे ही आप मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करते हैं, आपकी दृष्टि सबसे पहले मूल नायक वेदी पर जाती है। मंदिर में एक ही वेदी है, जिसमें कुल ग्यारह प्रतिमाएं विराजित हैं। वेदी की मुख्य प्रतिमा श्री 1008 शांतिनाथ भगवान की सफेद पाषाण से बनी हुई है, जिनके साथ काले पाषाण से निर्मित श्री मुनिसुव्रतनाथ और श्री नेमिनाथ भगवान की प्रतिमाएँ भी स्थापित हैं। इसके अतिरिक्त, दो सफेद पाषाण और पांच अष्टधातु से बनी लघु प्रतिमाएँ भी वेदी में विराजमान हैं, जिनमें श्री पार्श्वनाथ, श्री चंद्रप्रभु, श्री आदिनाथ, श्री पुष्पदंत और श्री वासुपूज्य भगवान की प्रतिमाएँ शामिल हैं। मंदिर के शिखर पर भी आकर्षक नकाशी का कार्य किया गया है, और श्री शांतिनाथ भगवान की चार प्रतिमाएँ को चारों दिशाओं में स्थापित किया गया हैं। मंदिर में दस लक्षण पर्व, महावीर जयंती, अष्टान्हिका पर्व आदि को अत्यंत श्रद्धा और आदर के साथ मनाया जाता है, साथ ही सभी विराजमान तीर्थंकर भगवानों के मोक्ष कल्याणक का भी आयोजन भी बड़े धूमधाम से किया जाता है।

20 photos

जैन समाज

भारत की राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 16 में स्थित श्री 1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर धर्मलाभियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित है। इस मंदिर का भवन चार मंज़िला है, जिसमें तलघर में तीन हॉल बनाए गए हैं, जो धार्मिक आयोजनों के दौरान उपयोग किए जाते हैं। मंदिर समिति द्वारा समय-समय पर सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लिया जाता है। मंदिर के आसपास स्थित रोहिणी क्षेत्र के सेक्टर 15, 16, 17 और 18 में लगभग सौ जैन परिवार इस मंदिर से जुड़े हुए हैं। मंदिर में एक संत भवन का निर्माण भी किया गया है, जहां मुनि महाराज जी के आगमन पर ठहरने के लिए 12 वातानुकूलित कमरे उपलब्ध हैं। जिन श्रद्धालुओं को सीढ़ियां चढ़ने में कठिनाई होती है, उनके लिए मंदिर में लिफ्ट की सुविधा भी प्रदान की गई है। समिति द्वारा समय-समय पर जैन धर्म के संस्कारों और प्रभावना के लिए धार्मिक शिविरों का आयोजन भी किया जाता है। यहां श्रद्धालुओं का निरंतर आवागमन होता है और पार्किंग की उचित व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को अपने वाहनों को पार्क करने में कोई समस्या न हो। मंदिर का सबसे निकटतम मेट्रो स्टेशन रिठाला है।

इतिहास

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली भारत की राजधानी और एक केंद्र-शासित प्रदेश है। भारत की राजधानी होने के कारण केंद्र सरकार की तीनों इकाइयों- कार्यपालिका, संसद और न्यायपालिका के मुख्यालय दिल्ली में ही स्थापित हैं। यमुना नदी के किनारे स्थित इस नगर का गौरवशाली पौराणिक इतिहास है, और पुराणों में इसका विशेष महत्व है। यह भारत का अति प्राचीन नगर है। इसके इतिहास का प्रारम्भ सिन्धु घाटी सभ्यता से जुड़ा हुआ है। हरियाणा के आसपास के क्षेत्रों में हुई खुदाई से इस बात के प्रमाण मिले हैं। दिल्ली सल्तनत के उत्थान के साथ ही दिल्ली एक प्रमुख राजनैतिक, सांस्कृतिक एवं वाणिज्यिक शहर के रूप में उभरी। यहाँ कई प्राचीन एवं मध्यकालीन इमारतों तथा उनके अवशेषों को देखा जा सकता हैं।

दिल्ली का प्राचीनतम उल्लेख महाभारत महापुराण में मिलता है जहाँ इसका उल्लेख प्राचीन इन्द्रप्रस्थ के रूप में किया गया है। इन्द्रप्रस्थ महाभारत काल में पांडवों की राजधानी थी। दिल्ली केवल भारत की राजधानी ही नहीं अपितु यह एक पर्यटन का मुख्य केन्द्र भी है। राजधानी होने के कारण भारत सरकार के अनेक कार्यालय, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, केन्द्रीय सचिवालय आदि अनेक आधुनिक स्थापत्य के नमूने तो यहाँ देखे ही जा सकते हैं; प्राचीन नगर होने के कारण इसका ऐतिहासिक महत्त्व भी है। पुरातात्विक दृष्टि से पुराना किला, सफदरजंग का मकबरा, जंतर मंतर, क़ुतुब मीनार और लौह स्तंभ जैसे अनेक विश्व प्रसिद्ध निर्माण यहाँ पर आकर्षण का केन्द्र समझे जाते हैं। लगभग सभी धर्मों के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल यहाँ हैं जैसे बिरला मंदिर, कात्यायिनी शक्तिपीठ, लाल जैन मंदिर, बंगला साहब गुरुद्वारा, बहाई मंदिर, अक्षर धाम मंदिर और जामा मस्जिद देश के शहीदों का स्मारक इंडिया गेट, राजपथ पर इसी शहर में निर्मित किया गया है। वर्तमान समय में दिल्ली सम्पूर्ण भारत के व्यापार का मुख्य केंद्र बन चूका है।

नक्शा
Loading map…
मंदिर साझा करें
WhatsApp

इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?

कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।