
श्री शान्तिनाथ जैन मंदिर नारनौल
श्री 1008 शान्तिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र हरियाणा के जिला महेन्द्रगढ़ से पच्चीस किलोमीटर की दुरी पर नारनौल में स्थित है।
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन के लिए मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -
परिचय
“श्री 1008 शान्तिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र हरियाणा के जिला महेन्द्रगढ़ से पच्चीस किलोमीटर की दुरी पर नारनौल में स्थित है।”
लगभग सौ वर्ष पूर्व मंदिर जी के स्थान पर भट्टारक सहस्रकीर्ति जी की गद्दी हुआ करती थी और साथ ही उनके द्वारा निर्मित चैत्यालय हुआ करता था। आज से 100 वर्ष पूर्व ही नारनौल से पन्द्रह किलोमीटर की दुरी पर धोसी नदी से आदिनाथ भगवान जी की प्रतिमा प्रकट हुई थी। नारनौल राजस्थान की सीमा पर होने के कारण राजस्थान जैन समाज एवं नारनौल जैन समाज के बीच प्रतिमा जी को प्राप्त करने को लेकर गंभीर वार्तालाप हुआ। समस्त जैन समाज उस समय महाराज जी के दरबार में जा पहुँचा तथा महाराज के समक्ष सारा वाक्य प्रस्तुत किया। महाराज जी द्वारा निर्णय लिया गया कि प्रतिमा जी को सुरक्षित रूप से बैल गाड़ी पर रखकर छोड़ दिया जाए। जिस क्षेत्र पर बैल गाड़ी रुकेंगी उसी क्षेत्र के जैन समाज को प्रतिमा जी विराजमान करने के लिए दे दिया जाएगा। प्रतिमा जी को सुरक्षित रूप से बैल गाड़ी पर रख दिया गया तथा बैल गाड़ी को छोड़ दिया गया। बैल गाड़ी नारनौल में आकर रुक जाती है और जैन नारनौल जैन समाज द्वारा प्रतिमा जी को भट्टारक सहस्रकीर्ति जी के चैत्यालय में विराजमान किया जाता है। समय-समय पर नारनौल जैन समाज द्वारा चैत्यालय में जीर्णोद्धार करवाकर चैत्यालय को मंदिर जी का रूप दे दिया गया। सन् 2011 में उपाध्याय श्री 108 सुरदेव सागर जी का आगमन मंदिर जी में हुआ। उस समय प्रतिमाओं का मुख गर्भगृह के प्रवेश द्वार पर नहीं था। उन्होंने प्रतिमाओं को देखकर जैन समाज को कहाँ कि प्रतिमाओं का मुख गर्भगृह के मुख्य द्वार की ओर होना चाहिए। जैन समाज द्वारा गर्भगृह का प्रवेश द्वार बदलकर प्रतिमाओं के मुख की ओर किया गया। वर्ष 2013 में फिर से धोसी नदी से श्री शान्तिनाथ भगवान जी का समवशरण प्राप्त हुआ। जैन समाज द्वारा भगवान के समवशरण को मंदिर जी में लाकर विराजमान किया गया। वर्ष 2014 को आचार्य श्री 108 विशद सागर जी महाराज के स्वर्ण जयंती समारोह पर मंदिर जी का नव निर्माण कार्य आरम्भ हुआ। निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात 2019 को मंदिर जी में पंचकल्याणक किया गया। मंदिर जी में अन्य वेदियों का निर्माण किया गया जिसमें समवशरण तथा सभी प्राचीन एवं नवीन प्रतिमाओं को वेदियों में विराजमान किया गया। पंचकल्याणक के समय ही मंदिर जी में विशाल मानस्तम्भ का निर्माण किया गया है। मंदिर जी के नीचे तल में पाँच वेदिया विराजमान है तथा मंदिर जी की मूलवेदी भी निचले तल में ही विराजमान है। मंदिर जी की मूलवेदी में मूलनायक प्रतिमा श्री 1008 शान्तिनाथ भगवान जी की है। श्री शान्तिनाथ भगवान जी की वेदी में ही श्री आदिनाथ भगवान, श्री महावीर भगवान एवं अन्य नवीन प्रतिमाएँ विराजमान है। मूलवेदी के साथ में ही मंदिर जी की प्राचीन प्रतिमा से सुशोभित श्री आदिनाथ भगवान जी की वेदी विराजमान है। इस वेदी में विराजित मूलनायक श्री आदिनाथ भगवान जी की प्रतिमा आज से 100 वर्ष पूर्व धोसी नदी से जैन समाज को प्राप्त हुई थी। प्रतिमा जी पर चिन्ह एवं प्रशस्ति न होने के कारण लोग इसे शान्तिनाथ भगवान जी की प्रतिमा मानते थे। अतः मंदिर जी का नाम श्री 1008 शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर रखा गया। उपरांत वर्ष 2014 में जब आचार्य श्री 108 विशद सागर जी महाराज का आगमन क्षेत्र पर हुआ तो उन्होंने प्रतिमा के बड़े केश होने के कारण प्रतिमा जी को भगवान आदिनाथ जी का बताया। इस वेदी में मूलनायक प्रतिमा के साथ दो सफेद पाषाण की श्री पार्श्वनाथ भगवान जी की प्रतिमाएँ व अष्ट धातु की चौबीसी प्रतिमा जी की साथ अन्य प्राचीन प्रतिमाएँ विराजमान है। मूलवेदी के बाई और श्री 1008 कुंथुनाथ भगवान जी की वेदी विराजमान है। इस वेदी में भी श्री पार्श्वनाथ भगवान जी की चौबीसी प्रतिमा के साथ दो अन्य प्राचीन चौबीसी प्रतिमा एवं श्री नेमिनाथ भगवान जी की एवं अष्ट धातु व पाषाण की प्रतिमाएँ विराजमान है। इसी तल पर ही पद्मावती माता जी एवं क्षेत्रपाल बाबा जी की वेदी विराजमान है। मंदिर जी के ऊपरी तल में प्रवेश करने पर आप श्री शान्तिनाथ भगवान जी के वर्ष 2013 में धोसी नदी से प्रकटे भव्य समवशरण को अपने समक्ष पाएँगे। श्री 1008 शान्तिनाथ भगवान जी के इतने प्राचीन होने के बावजूद बिलकुल स्वस्थ दशा में विराजित समवशरण के दर्शन बहुत दुर्लभ है। समवशरण के साथ ही खड्गासन चौबीसी एवं खड्गासन नवग्रह की प्रतिमाओं को तीन-तीन वेदियों में विराजमान किया गया है। जिनके दर्शन बड़े अद्भुत एवं अलौकिक है। मंदिर जी के निर्माण में सफेद पत्थर का प्रयोग किया गया है जो दूर से ही आपका ध्यान अपनी और आकर्षित करता है। क्षेत्र में समय-समय पर साधु महाराज जी ने आकर अपने दर्शनों द्वारा समाज का कल्याण किया है। मंदिर जी के साथ में ही जैन धर्मशाला भी है। जब जैन साधु महाराज जी का आगमन होता है तो उनके रुकने की व्यवस्था संत भवन में की जाती है। मंदिर जी में दूर के क्षेत्रों से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए रुकने की व्यवस्था निशुल्क ही धर्मशाला में की जाती है।
धर्मशाला
नारनौल में जैन समाज के लगभग 150 जैन परिवार है। 150 परिवारों का समाज होने के बावजूद जैन समाज का सामाजिक कार्यो में योगदान बना रहता है। नारनौल में कुल तीन दिगम्बर जैन मंदिर है। नारनौल में स्थित सभी जैन मंदिरों में समिति का निर्माण किया गया है। मंदिर जी का संचालन समिति द्वारा किया जाता है। समिति द्वारा मंदिर जी में आने वाले श्रावकों के लिए शुद्धता की व्यवस्था की गई है। मंदिर जी में साधु महाराज जी का आगमन होता रहता है। उनके रुकने की व्यवस्था के रूप में संत भवन का निर्माण किया गया है। क्षेत्र में ही जैन धर्मशाला है, जिसे शुभ कार्यों के लिए जैन समाज के साथ ही अन्य समाज के लोगों को भी उपलब्ध करवाया जाता है। यदि कोई जैन यात्री किसी दूर के क्षेत्र से मंदिर जी में दर्शन करने के लिए आते है तो उनके रुकने की व्यवस्था निशुल्क ही जैन धर्मशाला में की जाती है।
इतिहास
नारनौल भारत के हरियाणा राज्य के महेंद्रगढ़ जिले में स्थित एक नगर है। यह जिले का मुख्यालय भी है। यह एक ऐतिहासिक नगर है। इसकी स्थापना और नामकरण को लेकर अनेक कथाएँ प्रचलित है। यहाँ के प्राचीन सूर्य नारायण मंदिर मे मिले एक शिलालेख मे इसका नामोलेख नन्दीग्राम के रूप मे किया गया है। श्रीमद भागवत पुराण मे भी नन्दीग्राम का जिक्र है। इसलिए इस नगर को द्वापर-कालीन कहा जाता है। एक मान्यता यह भी है कि करीब एक हजार वर्ष पूर्व दिल्ली के शासक अनंगपाल तंवर के रिश्तेदार राजा नूनकरण ने इस नगर को आबाद किया। राजा नूनकरण के समय नारनौल एक व्यापारिक केन्द्र् के रूप मे जाना जाता था। मुग़ल बादशाह बाबर ने अपनी पुतक 'तुज़क-ए-बाबरी' मे यहाँ कपास मंडी होने का उल्लेख किया है, जिससे यह जाहिर होता है कि यहाँ कपास कि खेती होती थी। 2001 की भारत की जनगणना के अनुसार, नारनौल की जनसंख्या 74,581 थी। जनसंख्या में पुरुष 53% और महिलाएँ 47% हैं। नारनौल की औसत साक्षरता दर 68% है, जो राष्ट्रीय औसत 59.5% से अधिक है। नारनौल में हिंदी और अहिरवाटी प्रमुख रूप से बोली जाने वाली भाषाएँ हैं।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन के लिए मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -


