
श्री चन्द्रप्रभु जैन मंदिर अगौन
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन के लिए कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -
परिचय
श्री 1008 चन्द्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर हरियाणा राज्य के जिला नूंह में नूंह शहर से 54 किलोमीटर की दूरी पर अगौन गांव में स्थित है। मंदिर जी का निर्माण आज से 150 वर्ष पूर्व मंदिर जी के प्रधान श्री विपिन जैन जी के पूर्वजों द्वारा करवाया गया था। एक समय इस क्षेत्र पर जैन समाज के कई परिवार हुआ करते थे लेकिन आज यहाँ एक भी जैन परिवार नहीं है। एक भी परिवार न होने के बावजूद मंदिर जी में पूजा-प्रक्षाल नियमित रूप से प्रतिदिन होता है। प्रतिमाओं का पूजा-प्रक्षाल श्री विपिन जैन जी के परिवार द्वार ही किया जाता है, जो अब अगौन से लगभग आठ किलोमीटर की दूरी पर फ़िरोज़पुर झिरका में रहते है।
मंदिर जी में मूलतः एक ही वेदी है। वेदी में मूलनायक प्रतिमा सफेद पाषाण से निर्मित श्री 1008 चन्द्रप्रभु भगवान जी की है। श्री चन्द्रप्रभु भगवान जी की इस प्रतिमा की प्रतिष्ठा इंदौर पंचकल्याणक में हुई थी। यह प्रतिमा जी 150 वर्ष प्राचीन है। मूलनायक प्रतिमा जी के साथ में ही अष्टधातु से निर्मित श्री पार्श्वनाथ भगवान एवं श्री शान्तिनाथ भगवान जी की प्रतिमा विराजमान है। आज से बीस से पच्चीस वर्ष पूर्व वेदी में दो ही प्रतिमाएँ हुआ करती थी, एक मूलनायक श्री चन्द्रप्रभु भगवान एवं दूसरी श्री पार्श्वनाथ भगवान जी की, लेकिन वास्तु की दृष्टि से यह उचित नहीं था। इसलिए जैन साधु महाराज जी के सानिध्य से मंदिर जी में श्री शान्तिनाथ भगवान जी की प्रतिमा को स्थापित किया गया था।
मंदिर जी में वेदी प्रतिष्ठा वर्ष 2018-2019 में की गई। मंदिर जी में वेदी तथा गर्भगृह की दीवारों पर सुंदर स्वर्ण का कार्य एवं जैन चित्रकारी करके जैन कथाओं का वर्णन किया गया है। क्षेत्र में समय-समय पर जैन साधु-महाराज जी का आगमन होता रहता है। मंदिर जी में अब तक श्री 108 शान्तिसागर जी महाराज एवं श्री 108 ज्ञानसागर जी महाराज का आगमन हुआ है।
धर्मशाला
अगौन से लगभग आठ किलोमीटर की दूरी पर फिरोजपुर झिरका में लगभग 150 जैन परिवारों का संपन्न समाज है। जैन समाज द्वारा मंदिर जी के हर कार्यों में बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया जाता है। यदि कोई यात्री दूर के क्षेत्र से मंदिर जी में दर्शन करने आता है तो उनके लिए उचित व्यवस्था का प्रबंध भी जैन समाज द्वारा किया जाता है। सन् 1996 में जैन मुनि श्री 108 ज्ञानभूषण जी के गुरु श्री 108 शान्तिसागर जी की समाधि फिरोजपुर झिरका में हुई। उनकी इच्छा थी कि आर्थिक रूप से कमजोर समाज की कन्याओं के लिए एक कन्या विद्यालय का निर्माण किया जाना चाहिए। उनकी यह इच्छा जैन समाज ने वर्ष 1996 में जैन कन्या विद्यालय की नींव डालकर पूरी की। 1999 में विद्यालय बनकर तैयार हो गया, तथा विद्यालय का नाम श्री शान्तिसागर जैन कन्या महाविद्यालय रखा गया। बाद में इसके परिसर में ही जैन हाई स्कूल का निर्माण किया गया।
इतिहास
नूहं जिला भारत के हरियाणा राज्य के 22 जिलों में से एक है। नूहं को प्राय सत्यमेवपूरम व मेवात के नाम से भी जाना जाता है। सत्यमेवपूरम यह नाम गाँधी जी द्वारा दिया गया एवं मेवों की संख्या अधिक होने के कारण इसे मेवात भी कहा जाता है। इसमें 1,860 वर्ग किलोमीटर (720 वर्ग मील) और 10.9 लाख जनसंख्या का क्षेत्रफल है। यह उत्तर में गुड़गांव जिले, पश्चिम में रेवाड़ी जिला और पूर्व में फरीदाबाद और पलवल जिलों से घिरा है। यह मुख्य मुस्लिम आबादी वाला क्षेत्र हैं। यह हरियाणा और उत्तर-पूर्वी राजस्थान का आधुनिक दक्षिणी भाग है। जिले में मुख्य व्यवसाय कृषि आधारित गतिविधिया है।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन के लिए कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -



