Rewari Nasiya Ji Atishya Kshetra
अतिशय क्षेत्र

रेवाड़ी नसिया जी अतिशय क्षेत्र

रेवाड़ी, हरियाणा
श्री 1008 शान्तिनाथ भगवान
500-1000 वर्ष
पता
रेवाड़ी, हरियाणा, 123001
नयागांव रोड, रेवाड़ी, हरियाणा
समय
सुबह 6:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक
प्रबंध समिति

मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन के लिए मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है-

परिचय

विक्रम सम्वत् 1910, माघ शुक्ला 14 (सन् 1854) में भगवान श्री शान्तिनाथ जी की 35 इंच ऊँची पद्मासन प्रतिमा को बैलगाड़ी से नसियां जी के सामने वाले कच्चे रास्ते से आरामपुर बाघ विन्ध्य प्रदेश ले जाया जा रहा था। उस समय श्री नसियां जी का स्थान निर्जन वन था। रात्रि विश्राम के लिए बैलगाड़ियों के समूह ने इस स्थान पर डेरा डाला। लेकिन सुबह जब वे आगे चलने लगे तो सभी बैलगाडियाँ चल पड़ीं किन्तु भगवान श्री शान्तिनाथ जी की प्रतिमा वाली बैलगाड़ी अपनी जगह से हिली ही नहीं। सभी बैलगाड़ियों के बैल एक साथ जोतने पर भी वह बैलगाड़ी टस से मस नहीं हुई। इस घटना ने सभी लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। ऐसे में बैलगाड़ियों के साथ चल रहे सभी जैन बन्धु रेवाड़ी जैन समाज के प्रधान सेठ लाला खुशवक्तराय जी जैन बिसवेदार से मिले तथा सम्पूर्ण घटना का वृत्तान्त सुनाया। यह सब सुनते ही वे जैन समाज रेवाड़ी के अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों को लेकर उस स्थान की ओर चल दिये। वहाँ आकर सभी बैल दोबारा एक साथ जोते गए। किन्तु श्री जी की बैलगाड़ी जरा सी भी खिसकने को तैयार नहीं हुई, तब आरा से आए हुए भाईयों ने अपने विचार व्यक्त किए कि निश्चित रूप से श्री जी यह स्थान छोड़ने को तैयार नहीं हैं।

तब उन्होंने यह सुझाव दिया कि हम आरा वाले श्री जी की प्रतिमा यहीं छोड़ने को तैयार हैं यदि रेवाड़ी जैन समाज यहाँ पर मन्दिर निर्माण कराने का आश्वासन हमें दे दें तो। तब लाला खुशवक्तराय जी ने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि रेवाड़ी जैन समाज इस स्थान पर जैन मन्दिर का निर्माण अवश्य कराएगा। रेवाड़ी के लगभग 50-60 जैन भाईयों का समूह मन्दिर निर्माण हेतु आज्ञा एवं आशीर्वाद लेने के लिए श्री सम्मेद शिखर जी की यात्रा के लिए गया। वहाँ से लौट कर आने पर लाला खुशवक्तराय जी ने कहाँ कि मेरी जितनी भी जमीन है, उसमें से समाज जितनी भी उचित व आवश्यक समझे उतनी जमीन लेकर मन्दिर जी का निर्माण कार्य शुरू कर दे। इस तरह सेठ लाला खुशवक्तराय जैन उनके सुपुत्र राय बहादुर लाला मक्खनलाल जी बिसवेदार (जमींदार) के द्वारा प्रदत्त विशाल भूखण्ड पर 1008 श्री शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मन्दिर का निर्माण किया गया। सम्पूर्ण निर्माण के पश्चात् विधिपूर्वक भगवान शान्तिनाथ जी की प्रतिमा को सन् 1854 में विराजमान किया गया। इस तरह लाला खुशवक्तराय जैन जी के विशेष सौजन्य एवं सम्पूर्ण समाज के सहयोग से निर्मित अतिशयकारी एवं विशाल मन्दिर भक्तजनों को आज दर्शनार्थ बुलाता है।

21 photos

अतिशय कथा

श्री नसिया जी के निर्माण के पश्चात् सर्वप्रथम यहां ननगू नामक व्यास सेवारत रहे।

“कहा जाता है कि ननगू व्यास को प्रतिदिन सवेरे एक चाँदी का सिक्का मन्दिर जी के दरवाजे पर मिलता था तथा उसे स्वप्न आया था कि वह इस बात को गुप्त रखे।”

काफी समय बाद उसने यह बात बाहर प्रकट कर दी। अगली प्रातः से उसे सिक्का मिलना बंद हो गया। ननगू व्यास द्वारा ही बताया जाता है कि रात्रि के आखिरी पहर में ऊपर मन्दिर जी से अत्यन्त मधुर संगीत की आवाज कुछ देर के लिए आती है जो निश्चित ही मनुष्यों के द्वारा नहीं की जा सकती अर्थात् देवों द्वारा ही भगवान की स्तुति की जाती है। एक बार सरकार की ओर से कुछ लोग डी.डी.टी. पाउडर छिड़कने आए और उन्होंने मन्दिर जी का दरवाजा खुलवाकर अन्दर आने का आग्रह किया। इसके लिए मन्दिर जी के माली ने उन्हें रोक दिया। माली द्वारा ऐसा करने पर उन्होंने मन्दिर जी के लिए अपशब्द कहे जिसके कारण वे वहीं पर स्थिर हो गए और चल-फिर नहीं सके। इसके बाद उन्होंने काफी क्षमा याचना की, तब जाकर वे ठीक हुए एवं वहाँ से जा सके। सन् 1983 के आसपास कुछ चोरों ने मन्दिर जी से प्रतिमाएँ चुराई लेकिन वे ज्यादा दूर नहीं जा सके और उन्होंने नजदीक ही पानी के एक जोहड़ में प्रतिमाएँ डाल दी। स्थानीय समाज व सरकारी अधिकारियों द्वारा प्रतिमाओं की काफी तलाश की गई लेकिन प्रतिमाएँ न मिल सकी। लगभग 20 वर्ष बाद सन् 2003 में वे सभी प्रतिमाएँ मिल गई और वह दोबारा पंचकल्याणक में प्रतिष्ठित करवाकर मन्दिर जी में स्थापित कर दी गई।

वर्तमान स्थिति

1008 श्री शान्तिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र नसियां जी अत्यन्त रमणीक, मनोहारी एवं प्राकृतिक सौन्दर्य से सुसज्जित स्थल है। मंदिर जी का नवीनीकरण आचार्य 108 श्री पुष्पदंत सागर जी महाराज के परम शिष्य मुनि 108 श्री सौरभसागर जी की प्रेरणा से सन् 2006 में किया गया एवं श्री मन्दिर जी की वेदियो, द्वारों और आंतरिक भाग का नवीनीकरण सन् 2013 में किया गया। यहाँ पक्षियों के लिए एक विश्राम चुग्गा स्थल पुराना बहुत पहले से बना हुआ है। जहाँ अनेक पक्षी आते हैं एवं उन पक्षियों खासतौर से मोर उन्मुक्त विचरण करते हैं। 2006 में परम पूज्य 108 श्री सौरभसागर जी एवं परम पूज्य 108 श्री प्रबलसागर जी महाराज के चातुर्मास के अवसर पर एक पक्षी विश्राम स्थल और बनवाया गया। मन्दिर जी के चारों तरफ घास के सुन्दर मैदान, वृक्ष, लताएं व अनेक प्रकार के फूलों से सुसज्जित उपवन मंदिर जी की सुन्दरता को और भी बढ़ाते हैं। यहाँ पर साधु-संतों के ठहरने के लिये एक संत निवास भी बनाया गया है, जहाँ समय-समय पर साधु-संत अपना धर्म-ध्यान करते हैं। दशलक्षण पर्व के साथ-साथ यहाँ पर क्षमावाणी पर्व का विशेष आयोजन होता है तथा यहाँ निर्मित पाण्डुकशिला पर श्री जी का अभिषेक जैन समाज रेवाड़ी के श्रावकों द्वारा किया जाता है। रथयात्रा महोत्सव पर जिनेन्द्र भगवान की शोभा यात्रा भी श्री नसियांजी परिसर में ही आती है। प्रतिवर्ष ज्येष्ठ कृष्ण-14 को भगवान शान्तिनाथ जी के जन्म, तप, निर्वाण कल्याणक, भाद्रपद कृष्ण-7 गर्भ कल्याणक एवं पौष शुक्ल-10 ज्ञान कल्याणक के शुभ अवसर पर सामूहिक पूजन, आरती एवं अन्य विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। यह रेवाड़ी जैन समाज का सौभाग्य है कि नसियां जी में भगवान शान्तिनाथ जी की अत्यन्त अतिशयकारी एवं मनोहारी प्रतिमा विराजमान है। जिसके दर्शन, पूजन, अभिषेक आदि करके सभी श्रावक गण विशेष पुण्य अर्जित करते हैं। अतः सम्पूर्ण भारतवासी जैन समाज को ऐसे अतिशयकारी क्षेत्र का एक बार दर्शन करके विशेष पुण्य का अर्जन करना चाहिए।

धर्मशाला

धर्मनगरी रेवाड़ी पर भगवान महावीर स्वामी एवं दिगम्बर संतो का आशीर्वाद एवं बुजुर्गों की विशेष कृपा रही है। जिसके फलस्वरूप यहाँ पर छह जैन मंदिर, सात जैन विद्यालय और लगभग दस अन्य जन उपयोगी संस्थाएँ कार्यरत है। रेवाड़ी में लगभग 200 जैन परिवारों का समाज है। रेवाड़ी में ही श्री 1008 शान्तिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र नसिया जी स्थित है। मंदिर जी के संचालन हेतु दिगम्बर जैन मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। मंदिर जी में समय समय पर जैन मुनि महाराज का आगमन होता रहता है। महाराज जी के आने पर उनके रुकने की व्यवस्था त्यागी भवन में की जाती है। मंदिर जी में मुनि महाराज जी के प्रवचनो को सुनने के लिए प्रवचन हॉल भी बना हुआ है। यदि कोई यात्री किसी दूर के क्षेत्र से मंदिर जी में दर्शन करने आते है तो उनके रुकने की व्यवस्था मंदिर जी की समिति द्वारा निःशुल्क की जाती है। मंदिर जी के साथ में जैन पब्लिक स्कूल स्थित है जिसका संचालन मंदिर जी की समिति द्वारा ही किया जाता है। मंदिर जी के साथ में ही जैन छात्रावास स्थित है। छात्रों द्वारा ही प्रतिदिन मंदिर जी में पूजा एवं प्रक्षाल जैन विधि का पालन करके किया जाता है। मंदिर जी में आने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है।

इतिहास

रेवाड़ी भारत के हरियाणा राज्य में स्थित है। यह शहर भारतीय राजमार्ग (NH-71B) के आसपास स्थित है और रेवाड़ी जिला का मुख्यालय भी है। रेवाड़ी क्षेत्र का इतिहास बहुत प्राचीन है और इसके आसपास कई प्राचीन स्मारक और ऐतिहासिक स्थल हैं। रेवाड़ी अपने आप में बहु आयामी प्रतिभाओ, महान कलाकारों, कवियों, साहित्यकारों, शूरवीरो, धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक प्रतिष्ठानों, प्रकृतिं सौंदर्य से ओतप्रोत दक्षिणी हरियाणा का एक ऐसा स्थान है, जहाँ आकर मन को सुकून और पवित्रता का बोध होता है। प्राचीन महाभारत काल के दौरान, रेवत नामक एक राजा था, जिसकी पुत्री का नाम रेवती था। उसे सब रेवा कहकर बुलाते थे और उसके नाम पर शहर 'रेवा वाडी' की स्थापना की थी। खाने के हिसाब से यहाँ की रेवड़ियाँ बहुत मशहूर हैं। यहाँ पर भारत की सबसे पहली गौशाला सन् 1878 में बनाई गई थी जो कि राजा राव युधिष्ठिर यादव द्वारा बनाई गई थी। रेवाड़ी क्षेत्र ने आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और यह शहर एक आधुनिक बाजार सेंटर भी है जो निकटवर्ती गांवों और नगरों को आवश्यक सामग्री और सेवाओं की पहुंच प्रदान करता है। इसके अलावा रेवाड़ी क्षेत्र के पास कई प्राकृतिक सौंदर्य स्थल भी हैं जो पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। सम्पूर्ण रूप से रेवाड़ी क्षेत्र एक महत्वपूर्ण और विकासशील क्षेत्र है, जो सांस्कृतिक, आर्थिक, और पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

नक्शा
Loading map…
मंदिर साझा करें
WhatsApp

इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?

कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।