
श्री 1008 संकट हरण पार्श्वनाथ जिन मंदिर
The idol is so lifelike that it appears as though Acharya Shri is seated in eternal form, blessing all who come.
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन हेतु श्री 1008 संकट हरण पार्श्वनाथ जिन मंदिर, समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -
परिचय
यह श्री 1008 संकट हरण पार्श्वनाथ जिन मंदिर भारत की राजधानी दिल्ली के अशोक विहार में राणा प्रताप बाग में स्थित है। सन् 2019 में, उपाध्याय श्री 108 गुप्तिसागर जी महाराज की प्रेरणा से सर्वप्रथम यहाँ एक चैत्यालय का निर्माण किया गया था। इसके बाद, जैन समाज ने श्री गुप्तिसागर जी महाराज के मार्गदर्शन में ही इस चैत्यालय को 1400 गज में विस्तृत एक विशाल शिखरबंद जिनालय में परिवर्तित करने का निर्णय लिया। समस्त जैन समाज की अथक प्रयासों से धीरे-धीरे मंदिर जी का निर्माण कार्य किया जाने लगा। इस कार्य में मुख्य योगदान मंदिर के अध्यक्ष श्री पवन जैन गोधा जी का था, जिनके अथक प्रयासों और योगदान से मंदिर का निर्माण संभव हुआ। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद, मंदिर में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव 19 अप्रैल से 25 अप्रैल 2024 तक आयोजित किया जाएगा। मंदिर में प्रवेश करते ही आपको सफेद संगमरमर से निर्मित एक विशाल गर्भगृह का दृश्य मिलता है, जिसमें मकराना संगमरमर पर जयपुर के कारीगरों ने बारीक और सुंदर नकाशी का कार्य किया है।
गर्भगृह में कुल उनतीस वेदियाँ स्थापित हैं, जिनमें से पांच मुख्य वेदियाँ हैं, जिनमें प्रत्येक में तीन-तीन प्रतिमाएँ विराजमान हैं। अन्य चौबीस वेदियाँ जिन शासनम् के चौबीस तीर्थंकरों को समर्पित हैं, जिनमें प्रत्येक वेदिका में एक-एक तीर्थंकर भगवान की प्रतिमा विराजमान है। इस मंदिर की मूलनायक वेदी श्री 1008 पार्श्वनाथ भगवान की है, जिसमें काले पाषाण से निर्मित तीन प्रतिमाएँ विराजमान हैं। इसके साथ ही अष्टधातु की लघु प्रतिमाएँ भी स्थापित हैं। मूलवेदी के दाईं और बाईं ओर दो-दो अन्य मुख्य वेदियाँ हैं, जिनमें तीर्थंकर भगवान की पद्मासन प्रतिमाएँ प्रतिष्ठित हैं।
मूलवेदी के दाईं ओर श्री 1008 महावीर भगवान और श्री 1008 मुनिसुव्रतनाथ भगवान की वेदियाँ हैं, जबकि बाईं ओर श्री 1008 चन्द्रप्रभु भगवान और श्री 1008 आदिनाथ भगवान की वेदियाँ स्थापित हैं। इसके अतिरिक्त, मंदिर में 450 किलो वजन की अष्टधातु की प्रतिमाओं से सुसज्जित चौबीसी वेदियाँ भी विराजमान हैं। आपको इन सभी वेदियों के दर्शन गर्भगृह में एक साथ होते हैं। मंदिर के गर्भगृह के नीचे 1300 गज में विस्तृत विशाल हॉल का निर्माण किया गया है, जिसका उपयोग धार्मिक कार्यों और विधान के लिए किया जाता है। इस हॉल में एक साथ एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
इस हॉल में परम पूज्य आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की 3200 किलो वजन वाली अष्टधातु से बनी प्रतिमा स्थापित है, जो देखने में बिल्कुल जीवंत प्रतीत होती है। ऐसा लगता है जैसे आचार्य श्री शाश्वत रूप में बैठकर आशीर्वाद दे रहे हों। इस प्रतिमा के दर्शन मात्र से श्रद्धालुओं को आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के दर्शन का एक अभूतपूर्व अनुभव प्राप्त होता है। ऐसे अद्वितीय और अप्रतिम दर्शन के कारण यह मंदिर आज दिल्ली के प्रमुख मंदिरों में से एक है।
मंदिर जी के निर्माण हो जाने के पश्चात, प्रतिदिन पांच सौ से अधिक श्रद्धालु नियमित रूप से यहाँ दर्शन के लिए आते हैं। बताया जाता है कि मंदिर के निर्माण ने युवा पीढ़ी में जागरूकता बढ़ाई है, और अब युवा समाज भी यहाँ आकर श्रद्धापूर्वक दर्शन करता है। लोगों में मंदिर के प्रति गहरी श्रद्धा का परिचय इस बात से मिलता है कि जब पूरी दुनिया कोरोना महामारी के कारण संकट में थी, तब भी मंदिर एक चैत्यालय के रूप में कार्य करते हुए यहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में शांतिधारा का आयोजन करवा रहा था। समय-समय पर मंदिर में जैन साधु-महाराजों का भी आगमन होता रहता है। अब तक उपाध्याय श्री 108 गुप्तिसागर जी महाराज, श्री 108 सुनील सागर जी महाराज, आचार्य श्री 108 प्रज्ञासागर जी महाराज, और आर्यिका 105 सर्वमत्ती माता जी का आगमन यहाँ हो चुका है। यदि कोई यात्री किसी अन्य स्थान से मंदिर में दर्शन के लिए आता है, तो उनके लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ मंदिर में उपलब्ध हैं।
जैन समाज
दिल्ली के राणा प्रताप बाग में स्थित श्री 1008 संकट हरण पार्श्वनाथ जिन मंदिर से जैन समाज के पांच सौ से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। मंदिर के संचालन के लिए श्री 1008 संकट हरण पार्श्वनाथ जिन मंदिर समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा मंदिर के साथ-साथ एक आयुर्वेदिक औषधालय भी चलाया जा रहा है, जहाँ मात्र बीस रुपये की पर्ची पर दवाइयाँ निशुल्क दी जाती हैं। जान कल्याण के उद्देश्य से जैन समाज द्वारा अस्पताल के लिए उत्साहपूर्वक धनराशि का योगदान किया जाता है। मंदिर के अध्यक्ष श्री पवन जैन गोधा जी समय-समय पर जैन धर्मावलंबियों के लिए जैन दर्शन यात्राओं का आयोजन भी करते हैं, ताकि लोगों में जैन दर्शन के प्रति जागरूकता बढ़े। इस उद्देश्य को और बढ़ावा देने के लिए मंदिर की समिति विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन करती है।
यदि कोई यात्री अन्य स्थान से मंदिर में दर्शन के लिए आता है, तो उसके रुकने के लिए मंदिर के साथ स्थित जैन धर्मशाला में सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, मंदिर की समिति द्वारा भोजन की भी सुविधा प्रदान की जाती है। चैत्यालय की स्थापना से ही जरूरतमंदों के लिए भोजन शाला का संचालन किया जा रहा है, जहाँ उन्हें निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है। कोरोना काल में, समिति ने विभिन्न अस्पतालों में जाकर पाँच लाख से अधिक लोगों को भोजन प्रदान किया और अब तक कुल सात लाख से अधिक लोगों को भोजन कराया गया है। यहाँ प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक सभी श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के लिए भंडारा आयोजित किया जाता है।
इतिहास
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली भारत की राजधानी और एक केंद्र-शासित प्रदेश है। भारत की राजधानी होने के कारण केंद्र सरकार की तीनों इकाइयों- कार्यपालिका, संसद और न्यायपालिका के मुख्यालय दिल्ली में ही स्थापित हैं। यमुना नदी के किनारे स्थित इस नगर का गौरवशाली पौराणिक इतिहास है, और पुराणों में इसका विशेष महत्व है। यह भारत का अति प्राचीन नगर है। इसके इतिहास का प्रारम्भ सिन्धु घाटी सभ्यता से जुड़ा हुआ है। हरियाणा के आसपास के क्षेत्रों में हुई खुदाई से इस बात के प्रमाण मिले हैं। दिल्ली सल्तनत के उत्थान के साथ ही दिल्ली एक प्रमुख राजनैतिक, सांस्कृतिक एवं वाणिज्यिक शहर के रूप में उभरी। यहाँ कई प्राचीन एवं मध्यकालीन इमारतों तथा उनके अवशेषों को देखा जा सकता हैं।
दिल्ली का प्राचीनतम उल्लेख महाभारत महापुराण में मिलता है जहाँ इसका उल्लेख प्राचीन इन्द्रप्रस्थ के रूप में किया गया है। इन्द्रप्रस्थ महाभारत काल में पांडवों की राजधानी थी। दिल्ली केवल भारत की राजधानी ही नहीं अपितु यह एक पर्यटन का मुख्य केन्द्र भी है। राजधानी होने के कारण भारत सरकार के अनेक कार्यालय, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, केन्द्रीय सचिवालय आदि अनेक आधुनिक स्थापत्य के नमूने तो यहाँ देखे ही जा सकते हैं; प्राचीन नगर होने के कारण इसका ऐतिहासिक महत्त्व भी है। पुरातात्विक दृष्टि से पुराना किला, सफदरजंग का मकबरा, जंतर मंतर, क़ुतुब मीनार और लौह स्तंभ जैसे अनेक विश्व प्रसिद्ध निर्माण यहाँ पर आकर्षण का केन्द्र समझे जाते हैं। लगभग सभी धर्मों के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल यहाँ हैं जैसे बिरला मंदिर, कात्यायिनी शक्तिपीठ, लाल जैन मंदिर, बंगला साहब गुरुद्वारा, बहाई मंदिर, अक्षर धाम मंदिर और जामा मस्जिद देश के शहीदों का स्मारक इंडिया गेट, राजपथ पर इसी शहर में निर्मित किया गया है। वर्तमान समय में दिल्ली सम्पूर्ण भारत के व्यापार का मुख्य केंद्र बन चूका है।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन हेतु श्री 1008 संकट हरण पार्श्वनाथ जिन मंदिर, समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -



