
श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, जैना अपार्टमेंट्स
कहा जाता है कि श्री पार्श्वनाथ भगवान की इस प्रतिमा का क्षेत्र में विशेष अतिशय है, और प्रतिमा के दर्शन करने के लिए लोग विभिन्न स्थानों से आते हैं।
मंदिर जी के लिए किसी विशेष प्रकार की समिति का निर्माण न करके जैन समाज द्वारा ही मंदिर जी का संचालन किया जाता है। कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -
परिचय
भारत की राजधानी दिल्ली स्थित जैना अपार्टमेंट्स में श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर का निर्माण आचार्य श्री 108 सन्मति सागर जी महाराज और आर्यिका 105 स्वस्तिभूषण माता जी की प्रेरणा से स्थानीय जैन समाज ने मिलकर किया है। इस मंदिर का शिलान्यास 30 नवम्बर 2008 को हुआ था। जानकारी के अनुसार, जैना अपार्टमेंट्स सोसाइटी ने जैन समाज और वैदिक समाज को क्षेत्र में 40-40 गज भूमि पर मंदिर निर्माण की अनुमति दी, जिसके परिणामस्वरूप इस जैन मंदिर के साथ एक वैदिक हिन्दू मंदिर भी स्थित है। मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद, 5 से 7 जून 2009 तक आर्यिका 105 स्वस्तिभूषण माता जी के आशीर्वाद से लघु पंचकल्याणक विधान का आयोजन किया गया। इस मंदिर के निर्माण ने जैन समाज में नई ऊर्जा का संचार किया है, और समस्त जैन समाज के बीच मंदिर के प्रति गहरी श्रद्धा और भक्ति का भाव जुड़ा है। मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करते ही आपको मूलवेदी के दर्शन होते हैं, जहां श्री 1008 पार्श्वनाथ भगवान की 108 फण वाली काले पाषाण से बनी पद्मासन प्रतिमा स्थापित है। इस प्रतिमा के दर्शन से श्रद्धालुओं को एक अलौकिक शांति का अनुभव होता है।
“कहा जाता है कि श्री पार्श्वनाथ भगवान की इस प्रतिमा का क्षेत्र में विशेष अतिशय है, और प्रतिमा के दर्शन करने के लिए लोग विभिन्न स्थानों से आते हैं।”
जैना अपार्टमेंट्स के पास स्थित वीर अपार्टमेंट्स में भी कई जैन परिवार रहते हैं, जो प्रतिदिन इस मंदिर में आकर भगवान की पूजा-अर्चना करते हैं। मूलनायक प्रतिमा के अलावा, मंदिर में श्री चन्द्रप्रभु भगवान, श्री शांतिनाथ भगवान, श्री महावीर भगवान और श्री मुनिसुव्रतनाथ भगवान की प्रतिमाएँ भी प्रतिष्ठित हैं। मंदिर की दूसरी वेदी माता पद्मावती जी की है। प्रतिदिन 150 से 200 श्रावक यहाँ दर्शन करने आते हैं, और 15 से 20 सदस्य नियमित रूप से शांतिधारा का आयोजन करते हैं। अब तक मंदिर में दो बार सिद्ध चक्र विधान भी सम्पन्न हो चुका है। मंदिर का संचालन किसी विशेष समिति के द्वारा नहीं, बल्कि केवल स्थानीय जैन समाज द्वारा किया जाता है। जैन समाज द्वारा गौशाला में जीव दया के रूप में दान किया जाता है, और समाज में जैन धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जैन पाठशाला का आयोजन भी किया जाता है। समय-समय पर धार्मिक तीर्थयात्राओं का आयोजन भी किया जाता है। जब भी किसी जैन साधु महाराज का रोहिणी क्षेत्र में आगमन होता है, वे इस मंदिर में अवश्य दर्शन करने आते हैं। हालांकि मंदिर का क्षेत्रफल छोटा है, फिर भी यहाँ आने वाले श्रावक इसे एक दिव्य ऊर्जा का अनुभव करते हैं।
जैन समाज
पहले जैना अपार्टमेंट्स में जैन समाज के 10 से 12 परिवार रहते थे, लेकिन समय के साथ कुछ परिवार अन्य स्थानों पर चले गए, जिसके कारण अब यहाँ केवल 5 परिवार ही रह गए हैं। हालांकि, जैना अपार्टमेंट्स के समीप स्थित वीर अपार्टमेंट्स में सौ से अधिक जैन परिवारों का समूह है। इस कारण, मंदिर में प्रतिदिन 150 से अधिक श्रद्धालु पूजा और प्रक्षालन करने के लिए आते हैं। मंदिर में हर दिन 40 से 50 लोग सामूहिक पूजा एवं संध्या आरती में भाग लेते हैं। यह मंदिर समाज के सभी सदस्यों के लिए एक धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बन चुका है, जहाँ हर दिन श्रद्धालु आकर भगवान की पूजा करते हैं और धार्मिक कृत्यों में हिस्सा लेते हैं। इस प्रकार, यह मंदिर न केवल आध्यात्मिक उन्नति का एक माध्यम है, बल्कि समाज के बीच एकता और सहयोग को भी बढ़ावा देता है।
इतिहास
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली भारत की राजधानी और एक केंद्र-शासित प्रदेश है। भारत की राजधानी होने के कारण केंद्र सरकार की तीनों इकाइयों- कार्यपालिका, संसद और न्यायपालिका के मुख्यालय दिल्ली में ही स्थापित हैं। यमुना नदी के किनारे स्थित इस नगर का गौरवशाली पौराणिक इतिहास है, और पुराणों में इसका विशेष महत्व है। यह भारत का अति प्राचीन नगर है। इसके इतिहास का प्रारम्भ सिन्धु घाटी सभ्यता से जुड़ा हुआ है। हरियाणा के आसपास के क्षेत्रों में हुई खुदाई से इस बात के प्रमाण मिले हैं। दिल्ली सल्तनत के उत्थान के साथ ही दिल्ली एक प्रमुख राजनैतिक, सांस्कृतिक एवं वाणिज्यिक शहर के रूप में उभरी। यहाँ कई प्राचीन एवं मध्यकालीन इमारतों तथा उनके अवशेषों को देखा जा सकता हैं।
दिल्ली का प्राचीनतम उल्लेख महाभारत महापुराण में मिलता है जहाँ इसका उल्लेख प्राचीन इन्द्रप्रस्थ के रूप में किया गया है। इन्द्रप्रस्थ महाभारत काल में पांडवों की राजधानी थी। दिल्ली केवल भारत की राजधानी ही नहीं अपितु यह एक पर्यटन का मुख्य केन्द्र भी है। राजधानी होने के कारण भारत सरकार के अनेक कार्यालय, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, केन्द्रीय सचिवालय आदि अनेक आधुनिक स्थापत्य के नमूने तो यहाँ देखे ही जा सकते हैं; प्राचीन नगर होने के कारण इसका ऐतिहासिक महत्त्व भी है। पुरातात्विक दृष्टि से पुराना किला, सफदरजंग का मकबरा, जंतर मंतर, क़ुतुब मीनार और लौह स्तंभ जैसे अनेक विश्व प्रसिद्ध निर्माण यहाँ पर आकर्षण का केन्द्र समझे जाते हैं। लगभग सभी धर्मों के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल यहाँ हैं जैसे बिरला मंदिर, कात्यायिनी शक्तिपीठ, लाल जैन मंदिर, बंगला साहब गुरुद्वारा, बहाई मंदिर, अक्षर धाम मंदिर और जामा मस्जिद देश के शहीदों का स्मारक इंडिया गेट, राजपथ पर इसी शहर में निर्मित किया गया है। वर्तमान समय में दिल्ली सम्पूर्ण भारत के व्यापार का मुख्य केंद्र बन चूका है।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।
मंदिर जी के लिए किसी विशेष प्रकार की समिति का निर्माण न करके जैन समाज द्वारा ही मंदिर जी का संचालन किया जाता है। कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -



