
गुरुग्राम अष्टापद तीर्थक्षेत्र
श्री 1008 अष्टापद तीर्थ क्षेत्र बहुत ही ऊर्जावान एवं अतिशयकारी क्षेत्र है।
मंदिर जी के सुचारू संचालन हेतु कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -
परिचय
श्री 1008 अष्टापद तीर्थ क्षेत्र जैन मंदिर, भारत की राजधानी दिल्ली से 66 किलोमीटर एवं गुरुग्राम से 33 किलोमीटर की दूरी पर नेशनल हाइवे-8 (दिल्ली-जयपुर हाईवे) पर स्थित है। पहले मंदिर जी के स्थान पर जैन कॉलेज का निर्माण किया जाना था लेकिन समाज का उपयुक्त सहयोग न मिलने के कारण ऐसा हो ना हो सका। दिल्ली से जयपुर जाते समय जैन साधु महाराज जी इसी मार्ग से होकर जाते है। उनके विहार के समय कोई उचित रुकने की व्यवस्था आस पास में नहीं थी। इसी कारण यहाँ पर मंदिर जी के निर्माण करने का निर्णय लिया गया। मंदिर जी के निर्माण में मुख्य योगदान पं० धर्मचंद शास्त्री प्रतिष्ठाचार्य जी का है। उनके संकल्प व मार्गदर्शन में ही मंदिर जी का निर्माण कार्य संपन्न हुआ है।
मंदिर जी का मुख्य आकर्षण है यहाँ पर विराजमान मूलनायक श्री 1008 आदिनाथ भगवान जी की 27 फुट ऊँची लाल पत्थर से निर्मित प्रतिमा जी। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे से गुजरते हुए आपको दूर से ही प्रतिमा जी के दर्शन होते है। प्रतिमा जी का निर्माण लाल पत्थर को मंदिर जी में ही लाकर और तराशकर किया गया है। भगवान आदिनाथ जी की प्रतिमा के साथ ही भरत एवं बाहुबली भगवान जी की प्रतिमा व चरण छत्र का भी निर्माण किया गया है। किन्तु सर्वप्रथम मंदिर जी में सन् 2008 में आचार्य श्री 108 भरतसागर महाराज जी की प्रेरणा से श्री 1008 महावीर भगवान जी की प्रतिमा को विराजमान किया गया था। बाद में महावीर भगवान जी की इस प्रतिमा का पंचकल्याणक मुनि श्री 108 अमित सागर जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ था।
सन् 2010 में गणिनी आर्यिका श्री 105 क्षुल्लिका राज मति माता जी का आगमन मंदिर जी में हुआ। जैन समाज द्वारा एवं माता जी की प्रेरणा से 31 फीट ऊँचे मानस्तंभ की स्थापना उस समय मंदिर जी के परिसर में की गई। वर्ष 2014 में मंदिर जी में कैलाश पर्वत की रचना कर जैन तीर्थंकरो की चौबीसी एवं 1008 प्रतिमाओं वाले सहस्त्रकूट जिनालय का निर्माण किया गया। मंदिर जी के परिसर में ही श्री 1008 पार्श्वनाथ भगवान जी का जिनालय बना हुआ है, जिसमें पार्श्वनाथ भगवान जी की वेदी के साथ माता पद्मावती एवं रक्षक देव श्री क्षेत्रपाल बाबा जी की वेदी विराजमान है। इसी जिनालय में पापो का नाश करने वाले मंगलकारी पार्श्वनाथ कलिकुण्ड यंत्र को भी वेदी में विराजमान किया गया है। कलिकुण्ड यंत्र का निर्माण एक ही पत्थर को तराशकर किया गया है। जिसके दर्शन बड़े दुर्लभ है। श्री पार्श्वनाथ भगवान जी के जिनालय के भूगर्भ में ध्यान केंद्र निर्मित है। जिसमें स्वर्ण चाँदी एवं रत्नो से निर्मित प्रतिमाएँ विराजमान है।
वर्ष 2014 में जब मंदिर जी में कैलाश पर्वत की रचना उपरांत पंचकल्याणक किया जा रहा था। उस समय मंदिर जी के साथ लगती दस एकड़ भूमि जो मंदिर जी के ही अंतर्गत आती है, यहाँ पर पंचकल्याणक का कार्यक्रम आयोजित हुआ था। सभी प्रतिमाओं को उसी पंडाल में रखा गया था। प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के बाद उनको उठाकर मंदिर जी में ले जाया जा रहा था। सभी प्रतिमाएँ बड़ी ही आसानी से उठ गई लेकिन चन्द्रप्रभु भगवान जी की प्रतिमा को जब उठाने लगे तो प्रतिमा अपनी जगह से हिली ही नहीं। ऐसा लग रहा था की मानो यह प्रतिमा जी अचल हो गयी हो। बहुत बार प्रयास करने पर भी वह प्रतिमा नहीं हिली। इस वाक्य के उपरांत क्षेत्र पर आये महाराज जी ने भगवान जी से विनती करी की वह इस पंडाल से उठ जाएँ। हम आपकी प्रतिमा को यही पर ही विराजमान कर देंगे। विनती के बाद प्रतिमा जी बड़ी आसानी से उठ गई। प्रतिमा जी के हल्के होने पर जैन समाज द्वारा उचित चबूतरे का निर्माण किया गया और उसी जगह पर प्रतिमा जी को विराजमान किया गया। रोजाना प्रतिदिन अभिषके एवं प्रक्षालन नियमित रूप से प्रतिमा जी का यही पर होता है।
मंदिर जी में निर्मित अष्टापद पर्वत जी की परिक्रमा करते समय हमें चौबीसी के दर्शन होते है। चौबीसी का निर्माण इस तरह से किया गया है कि जब आप पर्वत पर एक तरफ से परिक्रमा करना आरम्भ करते है तो आपको परिक्रमा के अंतिम छोर तक चौबीस तीर्थंकरो की वेदियो के दर्शन होते है, जिनके दर्शन पाने मात्र से ही सभी प्रकार के बुरे विकार नष्ट हो जाते है। प्रत्येक वेदी के साथ में ध्यान केंद्र का निर्माण किया गया है। जिसमें बैठकर जैन साधु महाराज जी ध्यान साधना करते है। प्रतिदिन मंदिर जी में प्रतिमाओं का पूजा-प्रक्षाल एवं जलाभिषेक नियमित रूप से किया जाता है। दूर-दूर के क्षेत्रों से लोग आकर मंदिर जी में विराजित इन आकर्षक प्रतिमाओं के दर्शन करते है।
मंदिर जी के परिसर में ही 151 'फुट' उत्तंग शनिग्रहारिष्ट निवारक 1008 श्री मुनिसुव्रतनाथ स्वामी की अष्टधातु की प्रतिमा का निर्माण कार्य भारत वर्ष के सभी आचार्यो, मुनिराजों, आर्यिकाओं, त्यागीवृन्दों एवं स्वीस्त श्री भट्टारकों के मंगल आशीवाद से किया जा रहा है। विश्व की सबसे बड़ी अद्भुत अखंड जैन प्रतिमा के निर्माण मे 35000 टन धातु का प्रयोग किया जायेगा। प्रतिमा के साथ 180 फुट लंबे चौड़े परिकर का भी निर्माण किया जाना है। प्रतिमा बिना किसी साँचे और फर्मे के आधुनिक टेक्नोलाजी के द्वारा निर्मित की जायेगी। प्रतिमा में सोना, चांदी, तावाँ, पीतल, जस्ता, जर्मन सिलवर, टिन, एल्यूमीनियम आदि धातुओं का प्रयोग किया जा रहा है।
अतिशय कथा
“श्री 1008 अष्टापद तीर्थ क्षेत्र बहुत ही ऊर्जावान एवं अतिशयकारी क्षेत्र है।”
मंदिर जी में मूलनायक आदिनाथ भगवान जी की प्रतिमा का निर्माण कार्य एवं पंचकल्याणक प्रतिष्ठा पूर्ण करके विराजमान किया गया था। प्रतिमा जी को विराजमान हुए एक वर्ष हो गया था। लेकिन प्रतिमा जी पर अभिषेक करने का कोई मार्ग नहीं बना हुआ था। एक बार रात्रि के दो बजे के करीब भगवान आदिनाथ जी की प्रतिमा के ऊपर दीपक की लौ जलती हुई दिखाई दे रही थी। उस समय हल्की वर्षा भी हो रही थी, किन्तु फिर भी लौ स्पष्ट रूप से सभी लोगों को दिखाई दे रही थी। मंदिर जी में कार्यरत सभी लोगों ने आस पास रहने वाले जैन समाज के लोगों से सम्पर्क किया। जब अन्य जैन समाज से लोग मंदिर जी में आए तो उन्होंने भी अपनी आँखों से इस अतिशय को देखा। लगभग 4 बजे तक दीपक की लौ लोगों को दिखाई दी। इसके अगली सांय भी सात बजे से लेकर नौ बजे तक इसी प्रकार दीपक की लौ लोगों को दिखाई दी। लोगों को लगा कि यह भगवान जी द्वारा कोई दिव्य संदेश ही है। इसके बाद समाज द्वारा प्रतिमा जी पर अभिषेक के लिए मार्ग का निर्माण करवाया गया तथा सुचारु रूप से अभिषेक किया जाने लगा। स्थानीय लोगों द्वारा बताया जाता है कि जब से मंदिर जी का निर्माण हुआ है तब से लेकर अब तक मंदिर जी के परिसर में एवं मंदिर जी के साथ लगता हाईवे पर दुर्घटना के कारण किसी को भी मृत्यु का सामना नहीं करना पड़ा है। एक बार मंदिर जी के सामने प्रातः पाँच बजे के लगभग एक रेत से भरा हुआ ट्रक दुर्घटना के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाता है। आस पास खड़े सभी लोग तुरंत ट्रक के पास पहुँचकर ड्राइवर को उठाने का प्रयास करते है। जब ड्राइवर को उठाया जाता है तो लोग उसकी दशा देखकर हैरान हो जाते है। लोग देखते है कि ड्राइवर बिलकुल सही दशा में है। जब लोग ड्राइवर से पूछते है कि यह कैसे हुआ तो वह बताता है कि नींद के कारण उसका ध्यान भटक गया था, जिस कारण यह हादसा हुआ। आगे वह बताता है कि जब यह दुर्घटना हुई तो उसे लगा कि किसी ने उसे बाहर कि ओर खींचा है, जिस कारण वह सुरक्षित बच गया। जब ट्रक के मालिक को इस घटना का पता चलता है तो वह श्रद्धा-भाव से ट्रक का रेत मंदिर जी के निर्माण में उपयोग करने हेतु जैन समाज को दे देता है। एक बार मंदिर जी में निर्माण कार्य किया जा रहा था। उस समय काम करने वाले ठेकेदार ने लकड़ो के फटो को ट्रॉली में अधिक मात्रा में भरवा दिया एवं उसके ऊपर बैठ गए। श्री धर्मचन्द शास्त्री जी ने उन्हें समझाया कि फटे अधिक मत भरो, उनके इतना कहते ही सभी लकड़ी के फटे नीचे की ओर खिसक गए। फटो के ऊपर बैठे सभी मिस्त्रियों को हलकी-फुलकी चोट लगी लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
धर्मशाला
गुरुग्राम से लगभग 38 किलोमीटर की दुरी पर भोरा कलां में नेशनल हाईवे 48 पर स्थित है श्री 1008 अष्टापद तीर्थ क्षेत्र एक ऊर्जावान क्षेत्र है। नेशनल हाईवे 48 से गुजरते हुए मंदिर जी में विराजित श्री आदिनाथ भगवान जी की विशालकाय प्रतिमा तुरंत ही आपका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करती है। मंदिर जी में स्थानीय ही नहीं अपितु दूर-दूर के क्षेत्रों से श्रावकों का आगमन होता रहता है। मंदिर जी में आने वाले श्रावकों के लिए सभी प्रकार की सुविधाए मंदिर जी में ही उपलब्ध है। मंदिर जी में लगभग पच्चास कमरें यात्रियों के लिए उपलब्ध है। पच्चास में से दस कमरें ए.सी. व चालीस कमरें नॉन ए.सी. के साथ उपलब्ध है। मंदिर जी में समय-समय पर जैन मुनि महाराज जी का आगमन होता रहता है। महाराज जी के आने पर रुकने की व्यवस्था के रूप में संत भवन का निर्माण किया गया है। मंदिर जी में ही महाराज जी के आहार के लिए भोजनशाला बनी हुई है। मंदिर जी में भक्तांबर आर्ट गैलरी का निर्माण किया जा रहा है तथा जैन छात्रों के लिए जैन हॉस्टल का भी निर्माण करने का निर्णय लिया गया है।
इतिहास
वर्तमान में गुरुग्राम हर प्रकार की सुविधाओं से युक्त एक इंडस्ट्रियल हब बन चुका है। जहाँ भिन्न-भिन्न समुदाय के लोग एक साथ रहते है। गुरुग्राम में लगभग सात सौ से आठ सौ जैन परिवारों का समाज है। क्षेत्र में कई जैन मंदिर स्थापित है, प्रत्येक मंदिर जी के लिए समिति का निर्माण किया गया है। यह फरीदाबाद के बाद हरियाणा का दूसरा सर्वाधिक जनसंख्या वाला नगर है। गुरुग्राम दिल्ली के प्रमुख सैटेलाइट नगरों में से एक है और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का हिस्सा है। चण्डीगढ़ और मुम्बई के बाद यह भारत का तीसरा सबसे ज्यादा पर-कैपिटा इनकम वाला नगर है। लोकमान्यता अनुसार महाभारत काल में इन्द्रप्रस्थ (वर्तमान दिल्ली) के राजा युधिष्ठिर ने यह ग्राम अपने गुरु द्रोणाचार्य को दिया था। उनके नाम पर ही इसे गुरुग्राम कहा जाने लगा, जो कालांतर में बदलकर गुड़गांव हो गया था। गुरुग्राम यह नगर राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से 32 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।
मंदिर जी के सुचारू संचालन हेतु कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -



