
शांतिनाथ जैन मंदिर हसनपुर
श्री 1008 शान्तिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र हरियाणा राज्य के जिला पलवल में हसनपुर गांव में स्थित है।
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन के लिए मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -
परिचय
“श्री 1008 शान्तिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र हरियाणा राज्य के जिला पलवल में हसनपुर गांव में स्थित है।”
मंदिर जी के निर्माण से पूर्व क्षेत्र पर अन्य कोई जैन मंदिर नहीं था। लोगों को दर्शन करने हसनपुर से पंद्रह किलोमीटर की दूरी पर होडल में स्थित मंदिर जी में जाना पड़ता था। एक बार क्षेत्र पर परम पूज्य आचार्य श्री 108 वसुनन्दी जी महाराज का आगमन हुआ। उन्होंने क्षेत्र की दशा देखकर जैन समाज से मंदिर जी के निर्माण करने को कहाँ। जैन समाज द्वारा महाराज जी की आज्ञा पाकर जल्द ही क्षेत्र पर जैन मंदिर जी के निर्माण का निर्णय लिया गया। मंदिर जी के निर्माण में तिजारा जैन समाज का भी बहुत बड़ा योगदान है, मंदिर जी के निर्माण के लिए भूमि देने का कार्य तिजारा मंदिर समिति द्वारा किया गया तथा मंदिर समिति द्वारा भूमि को खरीदकर हसनपुर जैन समाज को सौंप दिया गया था। वर्तमान में भी तिजारा जैन समाज का योगदान हसनपुर जैन समाज के साथ बना हुआ है। मंदिर जी का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने के पश्चात पंचकल्याणक सन् 2019 में आचार्य श्री 108 वसुनन्दी जी महाराज के सानिध्य में ही सम्पन्न हुआ। वर्तमान समय में मंदिर जी में छब्बीस वेदिया निर्मित है। मंदिर जी की मूल वेदी नीचे तल पर विराजमान है, जिसमें मूलनायक प्रतिमा श्री 1008 शान्तिनाथ भगवान जी की है। मूलनायक प्रतिमा जी के साथ में ही श्री 1008 आदिनाथ भगवान, श्री 1008 पद्मप्रभु भगवान एवं चार रत्नमय प्रतिमाएँ विराजमान है। मंदिर जी के ऊपरी तल पर तीर्थंकर भगवान जी की चौबीसी वेदी विराजमान है। इन वेदियों का निर्माण चौबीस जैन परिवारों द्वारा करवाया गया था। इन वेदियों की निर्माणकला बहुत अद्भुत है, वेदियों में विराजमान प्रतिमाओं को देखने से प्रतिमाएँ प्राचीन प्रतीत होती है लेकिन ये प्रतिमाएँ नवीन है। जैन समाज द्वारा महाराज जी की आज्ञा पाकर प्रतिमाओं को राजस्थान के धौलपुर से मँगवाकर मंदिर जी में विराजमान किया गया। मंदिर जी के ऊपरी तल पर ही चौबीसी वेदी के अतिरिक्त श्री अजितनाथ भगवान जी की वेदी भी विराजमान है। वेदी में श्री अजितनाथ भगवान जी की मूलनायक प्रतिमा जी के साथ में ही श्री चन्द्रप्रभु भगवान, श्री शीतलनाथ भगवान एवं अन्य तीर्थंकर भगवान जी की प्रतिमाएँ विराजमान है। श्री अजितनाथ भगवान जी की प्रतिमा का क्षेत्र पर बहुत अतिशय है, बताया जाता है जब श्री अजितनाथ भगवान जी की प्रतिमा का जन्मकल्याणक हो रहा था तब स्वयं इन्द्रो द्वारा ही प्रतिमा जी पर अभिषेक किया गया था। तभी से महाराज जी द्वारा क्षेत्र को अतिशय क्षेत्र घोषित किया गया। मंदिर जी में केवल जैन समाज ही नहीं अन्य समाज के लोगो की भी गहरी श्रद्धा जुड़ी हुई है। प्रतिदिन मंदिर जी में जैन समाज के साथ-साथ अजैन लोग भी आकर दर्शन करते है।
धर्मशाला
हरियाणा राज्य के जिला पलवल में पलवल शहर से तीस किलोमीटर की दूरी पर हसनपुर गांव में यह मंदिर जी स्थित है। हसनपुर में जैन समाज केवल चार-पाँच परिवारों का ही है। इतनी कम जनसंख्या होते हुए भी मंदिर जी का संचालन सुचारु रूप से किया जाता है। मंदिर जी में आने वाले दर्शनार्थियों के लिए मंदिर समिति द्वारा सभी प्रकार की सुविधाओं का प्रबंध किया गया है ताकि दर्शनार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मंदिर जी में दूर के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रुकने की व्यवस्था की गई है। मंदिर जी के साथ में ही चार कमरों वाली धर्मशाला बनी हुई है तथा धर्मशाला में ही भोजनशाला की व्यवस्था भी बनी हुई है। क्षेत्र पर समय-समय पर जैन साधु महाराज जी का आगमन होता रहता है। महाराज जी के आने पर उनके रुकने की व्यवस्था भी मंदिर समिति द्वारा धर्मशाला में की जाती है।
इतिहास
पलवल भारत के हरियाणा राज्य का एक मुख्य जिला है। यह भारत की राजधानी दिल्ली से असी किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पलवल के साथ में हरियाणा के गुरुग्राम एवं फरीदाबाद अन्य दो राज्य मिलते है। इतिहास की बात करें तो पलवल भारत की आज़ादी में अपना अहम योगदान रखता है। यहाँ महात्मा गाँधी जी की पहली राजनीतिक गिरफ्तारी हुई थी। महात्मा गाँधी और नेताजी सुभाषचंद्र बोस जी के साथ आज़ादी की लड़ाई में पलवल के स्वतंत्रता सेनानियों ने महत्त्वपूर्ण योगदान दिया था। महात्मा गाँधी जी के साथ पलवल के लाला गोबिंदराम बेधड़क, दीपचंद सत्याग्रही, लक्ष्मीनारायण, लछमन दास बंसल, योगेंद्र पाल भारती, लाला भनुआमल मंगला जी ने आज़ादी की लड़ाई में सहयोग किया था। उन्होंने गांधी जी के साथ जेल यात्राएँ भी कीं। पलवल यहाँ पर स्थित बाबा उदास मंदिर, पंचवटी मंदिर, पाण्डव वन, राजा नाहर सिंह किला तथा सैयद शरीफ की दरगाह के लिए दर्शनार्थियों में प्रसिद्ध है।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन के लिए मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -



