
सर्वोदय तीर्थ पलवल
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन के लिए मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -
परिचय
श्री 1008 शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर (सर्वोदय तीर्थ), दिल्ली-चेन्नई नेशनल हाइवे-19 से 550 मीटर की दूरी पर ओल्ड जी टी रोड पलवल पर स्थित है। जब किसी जैन साधु महाराज का विहार दिल्ली से मथुरा होता है तो वे पलवल मुख्य मार्ग से होकर अवश्य जाते है। जैन समाज द्वारा मुनि महाराज जी के रुकने की व्यवस्था के लिए यहाँ पर पहले एक हॉल हुआ करता था जिसमे महाराज जी के ठहरने की व्यवस्था होती थी। जब उपाध्याय श्री 108 गुप्तिसागर जी महाराज का चातुर्मास क्षेत्र पर हुआ तो उन्होंने स्थानीय जैन समाज से मंदिर निर्माण का परामर्श किया। स्थानीय जैन समिति के प्रयास से एवं परम पूज्य उपाध्याय श्री 108 गुप्तिसागर जी महाराज की प्रेरणा से श्री 1008 शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर का निर्माण किया गया, जिसे सर्वोदय तीर्थ पलवल के नाम से भी जाना जाता है। मंदिर जी का पंचकल्याणक वर्ष 2006 में श्री 108 गुप्तिसागर जी महाराज के सानिध्य में हुआ है। मंदिर जी का कुल क्षेत्रफल एक एकड़ भूमि पर विस्तृत है। मंदिर जी का निर्माण सफेद पत्थर में बड़ी बारीकी से शिल्पकारी कर किया गया है।
मंदिर जी का मुख्य आकर्षण यहाँ वेदी में विराजमान मूलनायक श्री 1008 शान्तिनाथ भगवान जी की सफेद पाषाण से निर्मित सात फुट उतंग प्रतिमा है। मूलनायक प्रतिमा के साथ में ही सफेद पाषाण की छह-छह फिट ऊँची श्री 1008 कुन्थुनाथ भगवान एवं श्री 1008 अरहनाथ भगवान जी की प्रतिमा विराजमान है। इसी वेदी में श्री 1008 आदिनाथ भगवान, श्री 1008 महावीर भगवान, श्री 1008 चन्द्रप्रभु भगवान एवं श्री 1008 पार्श्वनाथ भगवान जी के साथ अन्य जैन प्रतिमाएँ विराजमान है। मंदिर जी में दो बार मुनि श्री 108 गुणभूषण जी महाराज का चातुर्मास हुआ था। उनकी इच्छा थी कि वे अपने अंतिम दिन पलवल सर्वोदय तीर्थ में व्यतीत करें। तीस नवम्बर 2017 को मुनि श्री 108 गुणभूषण जी महाराज की समाधि मंदिर जी में ही हुई। उनकी स्मृति में मंदिर समिति द्वारा चरण छत्र का निर्माण किया गया है। मंदिर जी में साधु महाराज का आगमन समय समय पर होता रहता है। मंदिर जी के भूतल में एक 50x50 का एक बड़ा हॉल है, जिसमें एक साथ 500 लोग महाराज जी के प्रवचन का आनंद ले सकते है।
धर्मशाला
पलवल की कुल आबादी साढ़े दस लाख के लगभग है जिसमें दिगम्बर जैन समाज के परिवारों की संख्या दो सौ से ढाई सौ परिवारों की है। इतनी कम जनसँख्या के बावजूद भी जैन समाज का क्षेत्र में मुख्य योगदान है। जैन समाज के द्वारा क्षेत्र में हर प्रकार के कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया जाता है। समिति द्वारा मंदिर जी में आने वाले श्रावकों के लिए शुद्धता का महत्वपूर्ण ध्यान रखा गया है। श्रावकों के लिए स्नान घर की व्यवस्था की गई है। मंदिर जी में समय-समय पर साधु महाराज जी का आगमन होता रहता है। महाराज जी के आने पर उनके रुकने की व्यवस्था के रूप में त्यागी भवन का निर्माण किया गया है। महाराज जी के लिए आहार की व्यवस्था के रूप में भोजनशाला बनी हुई है, जहाँ सात्विक भोजन की व्यवस्था की जाती है।
इतिहास
पलवल भारत के हरियाणा राज्य का एक मुख्य जिला है। यह भारत की राजधानी दिल्ली से असी किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पलवल के साथ में हरियाणा के गुरुग्राम एवं फरीदाबाद अन्य दो राज्य मिलते है। इतिहास की बात करें तो पलवल भारत की आज़ादी में अपना अहम योगदान रखता है। यहाँ राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी की पहली राजनीतिक गिरफ्तारी हुई थी। नेताजी सुभाषचंद्र बोस जी ने पलवल में अपने हाथों से एक कमरे बनवाने के लिए नींव रखी। महात्मा गाँधी और नेताजी सुभाषचंद्र बोस जी के साथ आज़ादी की लड़ाई में पलवल के स्वतंत्रता सेनानियों ने महत्त्वपूर्ण योगदान दिया था। महात्मा गाँधी जी के साथ पलवल के लाला गोबिंदराम बेधड़क, दीपचंद सत्याग्रही, लल्लू भाई पटेल, लक्ष्मीनारायण, लछमन दास बंसल, योगेंद्र पाल भारती, लाला भनुआमल मंगला जी ने आज़ादी की लड़ाई में सहयोग किया था। उन्होंने गांधी जी के साथ जेल यात्राएँ भी कीं। पलवल यहाँ पर स्थित बाबा उदास मंदिर, पंचवटी मंदिर, पाण्डव वन, राजा नाहर सिंह किला तथा सैयद शरीफ की दरगाह के लिए दर्शनार्थियों में प्रसिद्ध है।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन के लिए मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -



