
श्री महावीर जैन मंदिर सफीदों
उसी समय की बात है मंदिर जी के महामंत्री श्री चंद्रप्रकाश जैन जी को स्वप्न आया की कुछ जैन प्रतिमाएँ पास ही के सनातनी वैष्णव मंदिर में है।
मंदिर जी के सुचारू संचालन हेतु श्री दिगम्बर जैन मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -
परिचय
श्री 1008 महावीर दिगम्बर जैन मंदिर हरियाणा के जिला जींद से पैंतीस किलोमीटर की दूरी पर पुरानी अनाज मंडी सफीदों के पास स्थित है। मंदिर जी का निर्माण सन् 1983 से आरम्भ होकर सन् 1989 में पूरा हुआ था। बताया जाता है कि मंदिर जी के निर्माण से पूर्व क्षेत्र में कोई अन्य जैन मंदिर नहीं था। लोगों को दर्शन के लिए किसी अन्य क्षेत्र पर स्थित मंदिर जी में जाना पड़ता था। एक बार श्रीमति शांतिदेवी जी गोहाना निवासी का आगमन सफीदों में हुआ। वे जैन धर्म का पालन बड़ी गंभीरता से करती थी। वे मंदिर जी में दर्शन किए बिना आहार तक ग्रहण नहीं करती थी। उन्होंने क्षेत्र की दशा देखकर समाज के लोगों से कहाँ की क्षेत्र में जैन मंदिर होना अति आवश्यक है। अन्यथा आगे आने वाली पीढ़ी धर्मलाभ से वंचित रह जाएगी। स्थानीय जैन समिति के सभी सदस्यों द्वारा मंदिर जी के निर्माण करने का निर्णय लिया गया।
मंदिर जी के निर्माण के लिए श्रीमति शांतिदेवी जी द्वारा भूमि दान में दी गई। मंदिर जी का निर्माण कार्य आरम्भ हुआ श्रीमति शांतिदेवी जी के बड़े पुत्र श्री शीतल प्रकाश जैन एवं स्थानीय जैन समाज द्वारा मिलकर मंदिर जी का निर्माण किया गया। मंदिर जी के निर्माण में क्षुल्लक कुलभूषण जी महाराज जो आगे चलकर आचार्य श्री 108 धर्मभूषण जी महाराज हुए उनका भी सहयोग रहा है। उनकी प्रेरणा से ही मंदिर जी का निर्माण किया गया है। मंदिर जी में पंचकल्याणक सन् 1989 में आचार्य श्री 108 शांतिसागर जी महाराज के परम् शिष्य जैन रत्न श्री 108 ज्ञानभूषण जी महाराज, मुनि श्री 108 चंद्रसागर जी महाराज तथा मुनि श्री 108 सूर्यसागर जी महाराज के सानिध्य में हुआ है। मंदिर जी के निर्माण के बाद वेदी को श्रीमति शांतिदेवी जी के पुत्र श्री नेमचंद जैन जी द्वारा स्थापित करवाया गया है। वर्ष 2005 में श्री 108 श्रुत सागर जी महाराज का सफीदों में आगमन पर जैन समाज द्वारा उनके सानिध्य में ही अन्य दो वेदियो का निर्माण कराया गया।
मंदिर जी की मूल वेदी में मूलनायक प्रतिमा श्री 1008 महावीर भगवान जी की विराजमान है। महावीर भगवान जी की प्रतिमा के साथ में ही श्री चन्द्रप्रभु भगवान, श्री शांतिनाथ भगवान, श्री पार्श्वनाथ भगवान, श्री बाहुबली भगवान, श्री नेमिनाथ भगवान, श्री आदिनाथ भगवान, श्री वासुपूज्य भगवान व श्री महावीर भगवान जी की अन्य प्रतिमाएँ विराजमान है। महावीर भगवान जी की प्रतिमा का क्षेत्र में बहुत अतिशय है। जैन समाज की मान्यता अनुसार उनके अतिशय के कारण क्षेत्र में जैन समाज हर प्रकार की सुविधा से सम्पन्न है। मंदिर जी की द्वितीय वेदी में श्री शान्तिनाथ भगवान जी की मूल प्रतिमा विराजमान है। द्वितीय वेदी में मूलनायक प्रतिमा के साथ ही श्री कुंथुनाथ भगवान, श्री अरहनाथ भगवान एवं श्री शीतलनाथ भगवान जी की रत्नमय प्रतिमाएँ विराजमान है। इसी वेदी में आचार्य श्री 108 श्रुतसागर जी महाराज के द्वारा दिल्ली में पंचकल्याणक करवाकर श्री पार्श्वनाथ भगवान जी की प्रतिमा को विराजमान किया गया है। मंदिर जी की तीसरी वेदी में मूलनायक प्रतिमा श्री आदिनाथ भगवान जी के साथ ही में श्री पद्मप्रभु भगवान एवं श्री मुनिसुव्रतनाथ भगवान जी की प्रतिमा विराजमान है।
मंदिर जी के गर्भगृह में जैन चित्रकारी की गई है। चित्रकारी द्वारा जैन कथाओ को दर्शाया गया है। मंदिर जी में समय-समय पर जैन मुनि महाराज जी का आगमन भी होता रहता है। मंदिर जी में अब तक आचार्य श्री 108 ज्ञानभूषण जी महाराज, आचार्य श्री 108 श्रुतसागर जी महाराज, आचार्य श्री 108 सौरभ सागर जी महाराज, आर्यिका श्री 105 ज्ञानमती माता जी एवं आर्यिका श्री 105 नंगमती माता जी का आगमन हुआ है। प्रतिदिन मंदिर जी में पूजा प्रक्षाल सुचारु रूप से होता आ रहा है। जैन परिवारों द्वारा ही मंदिर जी में शांतिधारा एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम किए जाते है।
अतिशय कथा
सन् 2005 के समय मंदिर जी में अन्य दो वेदियो का निर्माण किया जा रहा था।
“उसी समय की बात है मंदिर जी के महामंत्री श्री चंद्रप्रकाश जैन जी को स्वप्न आया की कुछ जैन प्रतिमाएँ पास ही के सनातनी वैष्णव मंदिर में है।”
स्वप्न में ही उन्होंने उस स्थान का नक्शा देखा जहाँ वह मंदिर था। जब जैन समाज के लोग स्वप्न में दिखाई दिए वैष्णव मंदिर में पहुँचे तो उन्होंने पाँच जैन प्रतिमाएँ मंदिर में विराजमान देखी। जैन समाज द्वारा प्रतिमाओं को वैष्णव मंदिर से लेकर आने का प्रयास किया गया। उस समय जैन समाज के साथ मुनि श्री 108 सौरभ सागर जी महाराज जो आगे चलकर आचार्य श्री 108 सौरभ सागर जी महाराज हुए उनके द्वारा भी प्रतिमाओं को लाने का अथक प्रयास किया गया। वैष्णव मंदिर जी के पुजारी जैन समाज को कहते है कि यह प्रतिमाएँ हमारे पूर्वजों के समय से ही मंदिर जी में विराजमान है। इन प्रतिमाओं का पूजा प्रक्षालन हमारे द्वारा ही किया जाता है यदि आप इन प्रतिमाओं को ले जाना चाहते है तो ले जा सकते है। इस प्रकार जैन समाज पुजारी जी की सहमति से प्रतिमाओं को मंदिर जी में ले आता है। प्रतिमाओं को मंदिर जी में लाने के उपरांत पुजारी जी द्वारा ही विराजित किया जाता है। सन् 2005 में जैन समाज द्वारा प्रतिमाओं को पंचकल्याणक आचार्य श्री 108 श्रुतसागर जी महाराज के सानिध्य करवाकर जैन मंदिर में विराजित किया गया। मंदिर जी में प्रतिमाओं के दर्शन के लिए दूर-दूर के क्षेत्रों से लोग आकर दर्शन करने लगे। कुछ समय पश्चात लोगों में ये बात फैल गई की ये प्रतिमाएँ प्राचीन होने के साथ-साथ करोड़ो रूपये की है। उस समय हिन्दू समाज के लोगों में भी रोष फैल गया की ये प्रतिमाएँ बिना हिन्दू समाज की आज्ञा के कैसे दी गई। उस समय इस बात को लेकर अधिक विवाद फैल गया था। एक रात श्री चंद्रप्रकाश जी की धर्मपत्नी जी को अशुभ स्वप्न आता है जिसमें उन्हें सभी लोगों के ऊपर कफन रखा हुआ दिखाई पड़ता है। इस अशुभ स्वप्न को अपने पति को बताकर वे प्रतिमाओं को वापिस करने को कहती है। जैन समिति द्वारा भी इस रोष को शांत करने के लिए महाराज जी से आज्ञा पाकर प्रतिमाएँ वापिस हिन्दू समाज को दे दी जाती है जो आज भी वैष्णव मंदिर जी में ही विराजमान है।
धर्मशाला
सफीदों में जैन परिवरों की संख्या अन्य समाज की अपेक्षा कम है। क्षेत्र में दिगम्बर एवं श्वेताम्बर जैन समाज द्वारा मिलकर एक दूसरे के कार्यों में साथ दिया जाता है। मंदिर जी में आने वाले श्रावकों के लिए उचित वातावरण की व्यवस्था बनी हुई है। क्षेत्र में समय-समय पर साधु महाराज जी का अगमान होता है। महाराज जी के आने से जैन समाज के लोगों में एक अलग ऊर्जा उजागर होती है। महाराज जी के आने पर उनके रुकने की व्यवस्था क्षेत्र में ही निर्मित त्यागी भवन में की जाती है। जैन परिवार मिलकर मंदिर जी के कार्यो में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते है। यदि कोई यात्री दूर के क्षेत्र से मंदिर जी में दर्शन करने आता है तो उनके रुकने की व्यवस्था भी जैन परिवारों द्वारा की जाती है।
इतिहास
सफीदों भारत के हरियाणा राज्य के जींद जिले में एक शहर और एक नगरपालिका समिति है। सफीदों, जींद जिले में एक तहसील मुख्यालय है। यह जींद से 35 किलोमीटर दूर पश्चिमी यमुना नहर की हंसी शाखा पर स्थित है। यहाँ पानीपत-जींद रेलवे लाइन से भी पहुँचा जा सकता है। इस क्षेत्र पर सबसे पहले पूर्व-हड़प्पा ताम्रपाषाण कृषि का कब्ज़ा था, जिसके मिट्टी के बर्तन हाट, हरिगढ़ (हटकेशवर), अंता, मोरखी और बेरी खेड़ा सहित सफीदों के पास कई स्थानों से बरामद किए गए हैं। शास्त्रों के अनुसार सफीदों को सर्पदेवी या सर्पिदधि कहा जाता था जिसका उल्लेख महाभारत में भी मिलता है। सफीदों में स्थित ऐतिहासिक किले का निर्माण जींद राज्य के शासकों ने 18वीं शताब्दी में करवाया था। बाद में, इसे राज्य की सैन्य छावनी के रूप में इस्तेमाल किया गया। इस किले में किलेबंदी को मजबूती प्रदान करने के लिए गढ़ हैं, जिनका उपयोग सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी किया जाता था।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।
मंदिर जी के सुचारू संचालन हेतु श्री दिगम्बर जैन मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -


