
श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर नारनौल
It is also believed that about a thousand years ago, during the reign of Anangpal Tomar, a relative of the Delhi ruler, Raja Nunkaran, established this city.
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन के लिए मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -
परिचय
श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर नारनौल के श्री 1008 शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर जी से कुछ ही दुरी पर स्थित है। मंदिर जी के साथ में ही सनातनी शिव मंदिर एवं मस्जिद की दीवार लगती है। अलग-अलग संप्रदाय के धार्मिक स्थान होने के बावजूद भी सभी संप्रदाय के लोग एक दूसरे का आदर सत्कार करते है तथा मिलजुलकर रहते है। मंदिर जी का निर्माण वर्ष 1982 में सेठ गणेशीलाल जैन द्वारा करवाया गया था। सेठ गणेशीलाल सभी सुखों से सम्पन्न होने के साथ-साथ एक संत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी एवं उनके परिवार की धर्म को लेकर विशेष रूचि थी। धर्म से जुड़ा होने के कारण उनके एवं उनके परिवार द्वारा मंदिर जी का निर्माण कराया गया था। सेठ गणेशीलाल जी के द्वारा अपने हिस्से की अठारह दुकानें एक धर्मशाला तथा मंदिर जी की बागडोर वर्ष 2019 में जैन समाज को सौंप दी गई। वर्तमान समय में जैन समाज समिति द्वारा ही मंदिर जी का, धर्मशाला एवं दुकानों का संचालन किया जाता है।
सन् 1983-1984 की बात है क्षेत्र में ब्रह्मदत्त नामक एक नाई हुआ करते थे। वे स्वभाव के बहुत ही सरल एवं सभी का आदर सम्मान करने वाले व्यक्ति थे। एक बार उनके घर में निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के समय उनके घर की दिवार से श्री 1008 पार्श्वनाथ भगवान जी की प्राचीन प्रतिमा प्रकट होती है। वे धर्म से अजैन थे किन्तु सभी धर्मो का आदर करते थे। उन्होंने प्रतिमा को जैन समाज को सौंप दिया। बताया जाता है कि वे जब तक जीवित रहे तब तक प्रतिमा का पूजा-प्रक्षालण जैन विधि के अनुसार स्वयं ही किया करते थे।
मंदिर जी की मूलतः वेदी में मूलनायक प्रतिमा श्री पार्श्वनाथ भगवान जी की है। इसी वेदी में ब्रह्मदत्त जी के गृह निर्माण के समय प्राप्त श्री पार्श्वनाथ भगवान जी की प्राचीन प्रतिमा के साथ अन्य एक और पार्श्वनाथ भगवान जी की अष्ट धातु की प्रतिमा विराजमान है। मंदिर जी की द्वितीय वेदी में मूलनायक प्रतिमा श्री शान्तिनाथ भगवान जी की है। शान्तिनाथ भगवान जी की प्रतिमा के साथ में ही श्री पार्श्वनाथ भगवान, श्री चन्द्रप्रभु भगवान, श्री महावीर भगवान एवं अन्य प्रतिमाएँ विराजमान है। तीसरी वेदी में खड्गासन श्री आदिनाथ भगवान एवं भरत-बाहुबली भगवान जी की प्रतिमाएँ विराजमान है। आदिनाथ भगवान जी की वेदी के साथ में ही माता पद्मावती जी की वेदी निर्मित है। मंदिर जी के गर्भगृह में जैन कथाओं को चित्रों की सहायता से बड़े सुन्दर रूप से दर्शाया गया है। मंदिर जी के गर्भगृह में प्रवेश करने पर आपको एक अलग सी ऊर्जा का संचालन महसूस होगा।
धर्मशाला
नारनौल में जैन समाज के लगभग 150 जैन परिवार है। 150 परिवारों का समाज होने के बावजूद जैन समाज का सामाजिक कार्यो में योगदान बना रहता है। नारनौल में कुल तीन दिगम्बर जैन मंदिर है। नारनौल में स्थित सभी जैन मंदिरों में समिति का निर्माण किया गया है। मंदिर जी का संचालन समिति द्वारा किया जाता है। समिति द्वारा मंदिर जी में आने वाले श्रावकों के लिए शुद्धता की व्यवस्था की गई है। मंदिर जी में साधु महाराज जी का आगमन होता रहता है। उनके रुकने की व्यवस्था के रूप में संत भवन का निर्माण किया गया है। क्षेत्र में ही जैन धर्मशाला है जिसे शुभ कार्यों के लिए जैन समाज के साथ ही अन्य समाज के लोगों को भी उपलब्ध करवाया जाता है। यदि कोई जैन यात्री किसी दूर के क्षेत्र से मंदिर जी में दर्शन करने के लिए आते है तो उनके रुकने की व्यवस्था निःशुल्क ही जैन धर्मशाला में की जाती है।
इतिहास
नारनौल भारत के हरियाणा राज्य के महेंद्रगढ़ जिले में स्थित एक नगर है। यह जिले का मुख्यालय भी है। यह एक ऐतिहासिक नगर है। इसकी स्थापना और नामकरण को लेकर अनेक कथाएँ प्रचलित है। यहाँ के प्राचीन सूर्य नारायण मंदिर मे मिले एक शिलालेख मे इसका नामोलेख नन्दीग्राम के रूप मे किया गया है। श्रीमद भागवत पुराण मे भी नन्दीग्राम का जिक्र है। इसलिए इस नगर को द्वापर-कालीन कहा जाता है। पौराणीक गाथाओं के अनुसार नारनौल नगर महाभारत कालीन नरराष्ट्र के रूप मे जाना जाता था। एक मान्यता यह भी है कि करीब एक हजार वर्ष पूर्व दिल्ली के शासक अनंगपाल तंवर के रिश्तेदार राजा नूनकरण ने इस नगर को आबाद किया। राजा नूनकरण के समय नारनौल एक व्यापारिक केन्द्र् के रूप मे जाना जाता था। मुग़ल बादशाह बाबर ने अपनी पुतक 'तुज़क-ए-बाबरी' मे यहाँ कपास मंडी होने का उल्लेख किया है, जिससे यह जाहिर होता है कि यहाँ कपास कि खेती होती थी। पंद्रहवीं शताब्दी में नारनौल मुगलो के हाथो से निकल कर सूर अफगानो के नियंत्रण मे आ गया था। सबसे पहले शेरशाह सूरी के दादा इब्राहिम खान यहाँ आया। इब्राहिम सूर की मौत के बाद उसका बेटा और शेरशाह सूर का पिता हसनखान नारनौल का जागीरदार बना। इतिहासकार वी.स्मिथ के अनुसार शेरशाह का जन्म भी नारनौल मे हुआ था। 2001 की भारत की जनगणना के अनुसार नारनौल की जनसंख्या 74,581 थी। जनसंख्या में पुरुष 53% और महिलाएँ 47% हैं। नारनौल की औसत साक्षरता दर 68% है जो राष्ट्रीय औसत 59.5% से अधिक है। नारनौल में हिंदी और अहिरवाटी प्रमुख रूप से बोली जाने वाली भाषाएँ हैं।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।
मंदिर जी के सुचारु रूप से संचालन के लिए मंदिर समिति का निर्माण किया गया है। समिति में कार्यरत सदस्य इस प्रकार है -


