
मालब जैन मंदिर
इस मंदिर जी का निर्माण शान्तिदेवी जी के पूर्वजों के द्वारा करवाया गया था।
परिचय
हरियाणा राज्य में नूंह शहर से मात्र आठ किलोमीटर दक्षिण में मालब गांव में स्थित है, श्री 1008 दिगम्बर जैन मंदिर। यह मंदिर जी 250 वर्ष से भी अधिक प्राचीन है। बताया जाता है कि एक समय यहाँ जैन परिवारों की संख्या बहुत अधिक हुआ करती थी, जिस कारण मंदिर जी का निर्माण किया गया था। लेकिन समय के साथ क्षेत्र से जैन परिवारों का रुख शहरो की ओर होता गया तथा आज क्षेत्र पर एक भी जैन परिवार नहीं है। मंदिर जी भी जीर्ण-शीर्ण दशा में है।
“इस मंदिर जी का निर्माण शान्तिदेवी जी के पूर्वजों के द्वारा करवाया गया था।”
आज से साठ से सत्तर वर्ष पूर्व उनके द्वारा ही मंदिर जी का संचालन किया जाता था लेकिन जब उन्होंने इस क्षेत्र को छोड़कर दिल्ली में निवास किया, तब से लेकर अब तक मंदिर जी का संचालन करने वाला कोई नहीं था। बीच-बीच में कई बार मंदिर जी को खोलकर साफ-सफाई का कार्य किया गया था, किन्तु नियमित रूप से मंदिर जी का संचालन नहीं हुआ है। क्षेत्र में एक भी जैन परिवार न होने के कारण मंदिर जी में कई बार चोरी भी हुई है, जिसके परिणाम स्वरूप मंदिर जी में घंटियाँ एवं अन्य सामान नहीं है तथा वेदी में विराजित तीन प्रतिमाओं में से एक प्रतिमा जी खंडित है। मंदिर जी की वेदी लकड़ी से निर्मित है एवं वेदी पर स्वर्ण से चित्रकारी की गई है। वेदी में मूलनायक भगवान महावीर स्वामी जी की 250 वर्ष से अधिक प्राचीन प्रतिमा बीच में विराजमान है तथा उनके दाईं और चन्द्रप्रभु भगवान एवं बाईं और एक अन्य तीर्थंकर भगवान जी की प्रतिमा है। इस प्रतिमा जी के चिह्न एवं प्रशस्ति न होने के कारण यह बताना कठिन है कि यह किन भगवान जी की प्रतिमा है। वेदी में विराजमान श्री चन्द्रप्रभु भगवान जी की यह प्रतिमा गले के हिस्से से खंडित है तथा प्रतिमा जी के गले से ऊपर का हिस्सा एवं नीचे का हिस्सा अलग हुआ है। केवल ऊपर से ही दोनों हिस्सों को टिकाया हुआ है। अतः हमारा प्रयास है कि मंदिर जी को सुचारू रूप से शुरू करने की आवश्यकता है जिससे श्री जी का सुचारु रूप से पूजा प्रक्षाल एवं जलाभिषेक हो सके।
इतिहास
नूहं जिला भारत के हरियाणा राज्य के 22 जिलों में से एक है। नूहं को प्राय सत्यमेवपूरम व मेवात के नाम से भी जाना जाता है। सत्यमेवपूरम यह नाम गाँधी जी द्वारा दिया गया एवं मेवों की संख्या अधिक होने के कारण इसे मेवात भी कहा जाता है। इसमें 1,860 वर्ग किलोमीटर (720 वर्ग मील) और 10.9 लाख जनसंख्या का क्षेत्रफल है। यह उत्तर में गुड़गांव जिले, पश्चिम में रेवाड़ी जिला और पूर्व में फरीदाबाद और पलवल जिलों से घिरा है। यह मुख्य मुस्लिम आबादी वाला क्षेत्र हैं। यह हरियाणा और उत्तर-पूर्वी राजस्थान का आधुनिक दक्षिणी भाग है। जिले में मुख्य व्यवसाय कृषि आधारित गतिविधिया है।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।



