
श्री 1008 दिगम्बर जैन मंदिर, सेक्टर 5 रोहिणी
बताया जाता है कि भगवान पार्श्वनाथ जी की प्रतिमा के अतिशय से मंदिर जी में रात्रि के समय देवों का आगमन भी हुआ है।
मंदिर के सुचारु संचालन के लिए श्री 1008 दिगम्बर जैन मंदिर समिति का गठन किया गया है। विशेष बात यह है कि मंदिर समिति के सभी प्रमुख पदों पर महिलाएँ नियुक्त हैं, जो इस प्रकार की नियुक्ति बहुत कम मंदिरों में देखने को मिलती है, और यह महिला सशक्तिकरण का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। इसके बावजूद, मंदिर समिति में पुरुष और महिलाएँ मिलकर सामूहिक रूप से निर्णय लेते हैं, जो मंदिर के संचालन को और अधिक प्रभावी और सशक्त बनाता है। मंदिर कार्यकारिणी में नियुक्त सदस्य इस प्रकार हैं -
परिचय
यह श्री 1008 दिगम्बर जैन मंदिर भारत की राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-5 में स्थित है। वर्ष 1989 में दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों पर जैन समाज का बसाव हो रहा था। रोहिणी के सेक्टर 5 में भी जैन परिवार आकर बसने लगे। उस समय तक क्षेत्र पर कोई जैन मंदिर नहीं था। इसलिए लोगों को दर्शन करने अन्य क्षेत्रों पर जाना पड़ता था। जैन समाज के आदरणीय लाला श्री हेमचंद जैन जी द्वारा दिगम्बर एवं श्वेताम्बर जैन समाज के साथ मिलकर एक समिति का निर्माण किया। समिति द्वारा मंदिर जी के एवं स्थानक के निर्माण के लिए भूमि का चुनाव किया गया। भूमि का चुनाव हो जाने के पश्चात शिलान्यास वर्ष 2000 में पंडित गुलाब चंद जी के सानिध्य में हुआ। 30 अप्रैल 2001 में मंदिर जी में प्रथम तल पर वेदी की प्रतिष्ठा उपाध्याय श्री 108 गुप्तिसागर जी महाराज जी के सानिध्य में समपन्न हुई। इसके उपरांत वर्ष 2003 में द्वितीय तल की वेदी की प्रतिष्ठा आचार्य श्री 108 सौरभसागर जी महाराज के सानिध्य में सम्पन्न हुई।
मंदिर जी की मूल वेदी निचले तल पर विराजमान है, जिसमे मूलनायक के रूप में श्री 1008 पार्श्वनाथ भगवान जी की प्रतिमा विराजमान है। श्री पार्श्वनाथ भगवान जी की प्रतिमा का क्षेत्र में बहुत अतिशय है। प्रतिदिन अन्य क्षेत्रों से लोग प्रतिमा जी के दर्शन करने आते है। मूलनायक श्री पार्श्वनाथ भगवान जी की प्रतिमा के साथ में ही श्री महावीर भगवान एवं श्री चन्द्रप्रभु भगवान जी की प्रतिमा भी विराजमान है। मंदिर जी के द्वितीय तल पर श्री शांतिनाथ भगवान जी की वेदी विराजित है। मूलनायक श्री शांतिनाथ भगवान जी की प्रतिमा के अतिरिक्त अन्य चार प्रतिमाएँ वेदी में विराजमान है। मंदिर की वेदियों में स्वर्ण कार्य का अत्यंत सुंदर उपयोग किया गया है, जो प्रतिमा जी के दर्शनों को और भी आकर्षक बनाता है। गर्भगृह में काँच का कार्य किया गया है, जो न केवल देखने में अत्यंत सुंदर प्रतीत होता है, बल्कि मंदिर की आंतरिक सुंदरता में भी चार चाँद लगाता है। वेदी के ऊपर 64 चँवरे गोलाई में विराजमान हैं, जो बहुत ही दुर्लभ हैं और इस प्रकार की संरचना अधिकांश मंदिरों में नहीं देखने को मिलती। वेदी के ऊपर चाँदी का चंदोया भी स्थापित किया गया है, जो मंदिर की भव्यता को और अधिक बढ़ाता है।
मंदिर में प्रतिदिन श्रावकों द्वारा नियमित रूप से पूजा-अर्चना और प्रक्षालन कार्य किए जाते हैं, जिनमें प्रमुख रूप से स्थानीय निवासी श्री दिनेश जैन जी, श्री धर्मबीर जैन जी, श्री राकेश जैन जी, श्री मुकेश जैन जी, श्री विकास जैन जी और श्री अंकित जैन जी का योगदान रहता है। जैन समाज में धार्मिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है। साथ ही, जैन समाज द्वारा प्रतिवर्ष दो बार जैन तीर्थ दर्शन यात्रा का आयोजन किया जाता है, जिसमें जैन धर्म के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा की जाती है। वर्ष 2003 से लेकर अब तक प्रतिमाह मंदिर में कोई न कोई विशेष विधान आयोजित किया जाता है। समय-समय पर भक्ताम्बर का पाठ भी आयोजित किया जाता है, जो श्रद्धालुओं के मन में भक्ति भाव को जागृत करता है। मंदिर में समय-समय पर साधु-महाराजों का आगमन भी होता रहता है। अब तक मंदिर में उपाध्याय श्री 108 गुप्तिसागर जी महाराज, आचार्य श्री 108 सौरभ सागर जी महाराज, आचार्य श्री 108 विवेक सागर जी महाराज, श्री 108 अतिवीर जी महाराज, श्री 108 प्रज्ञ सागर जी महाराज और श्री 108 सौभाग्य सागर जी महाराज का आगमन हो चुका है, जिनकी उपस्थिति से मंदिर को विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। मंदिर के समीप ही स्थानक स्थित है और यहाँ दिगम्बर जैन समाज तथा श्वेताम्बर जैन समाज के बीच एक गहरा प्रेम और भाईचारा है। दोनों समाजों के लोग आपस में मिलकर एक दूसरे के कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं, जो समाज की एकता और धार्मिक भावना को और मजबूती प्रदान करता है।
अतिशय कथा
क्षेत्र में स्थित श्री पार्श्वनाथ भगवान जी की प्रतिमा अत्यधिक पूज्य और वन्दनीय मानी जाती है।
“बताया जाता है कि भगवान पार्श्वनाथ जी की प्रतिमा के अतिशय से मंदिर जी में रात्रि के समय देवों का आगमन भी हुआ है।”
यह दिलचस्प घटना तब हुई जब मुनिश्री अतिवीर जी महाराज विहार के समय मंदिर में विश्राम कर रहे थे। रात्रि के समय उनके पैर मंदिर के शिखर की दिशा में थे, लेकिन अचानक देवों ने उनके पैरों की दिशा शिखर के विपरीत कर दी। अगले दिन महाराज जी ने सभी को बताया कि मंदिर में साक्षात देवताओं का आगमन हुआ था, जो इस अद्वितीय अनुभव को साझा करने के लिए उन्हें प्रेरित किया। एक अन्य अतिशयकारी घटना भी घटित हुई, जब एक महिला श्राविका पूजा के दौरान पार्श्वनाथ भगवान की वेदी के पास एक सर्प को बैठा हुआ देखती हैं। जैसे ही वह अन्य लोगों को यह दृश्य बताने के लिए इधर-उधर देखने लगीं, वह सर्प अचानक गायब हो गया। यह घटना श्रद्धालुओं के बीच इस स्थान की दिव्यता और भगवान पार्श्वनाथ के आशीर्वाद की अपार शक्ति को प्रमाणित करती है। स्थानीय निवासियों द्वारा कई बार मंदिर से घंटियों की मधुर ध्वनियाँ सुनी गई हैं, जो इस स्थल की दिव्यता को और भी प्रकट करती हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि श्री पार्श्वनाथ भगवान जी की प्रतिमा के सामने जो भी व्यक्ति अपनी मनोकामना रखता है, वह भगवान के आशीर्वाद से पूरी होती है। मंदिर से थोड़ी ही दूरी पर स्थित राजीव गांधी कैंसर हॉस्पिटल में जब भी कोई जैन सज्जन इलाज के लिए आता है, वह पहले इस मंदिर में दर्शन करने अवश्य आता है और भगवान पार्श्वनाथ के आशीर्वाद से स्वस्थ होकर लौटता है। इस प्रकार, यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है, बल्कि एक दिव्य स्थान है जहाँ आस्था, श्रद्धा और अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव समाहित होते हैं।
जैन समाज
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 5 में स्थित श्री 1008 दिगम्बर जैन मंदिर के संचालन के लिए (रजि0) मंदिर समिति का गठन किया गया है। मंदिर में आसपास के क्षेत्रों से दर्शनार्थियों का निरंतर आगमन होता है, और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहाँ सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाती हैं। मंदिर परिसर में एक विशाल प्रवचन हॉल भी निर्मित है, जिसका उपयोग साधु-महाराज के आगमन पर उनके प्रवचनों को सुनने के लिए किया जाता है। समिति सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रूप से योगदान देती है, जैसे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराना, विद्यालयों में पुस्तक दान करना, इत्यादि। जैन समाज में धार्मिक जागरूकता बनाए रखने के लिए समिति द्वारा जैन दर्शन यात्रा का आयोजन किया जाता है, और मंदिर की प्रधान श्रीमती अनु जैन जी द्वारा जैन पाठशाला भी संचालित की जाती है।
योग क्षेत्र में भी श्रीमती अनु जैन जी का विशेष योगदान है। वे नियमित रूप से योग कक्षाएँ आयोजित करती हैं, जिससे समाज के लोग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बना सकें। इसके अलावा, मंदिर समिति द्वारा संचालित औषधालय में एलोपैथिक, होम्योपैथिक और डेंटल दवाइयाँ उपलब्ध करवाई जाती हैं, जिससे समुदाय के लोग चिकित्सा सेवा का लाभ उठा सकें।
इतिहास
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली भारत की राजधानी और एक केंद्र-शासित प्रदेश है। भारत की राजधानी होने के कारण केंद्र सरकार की तीनों इकाइयों- कार्यपालिका, संसद और न्यायपालिका के मुख्यालय दिल्ली में ही स्थापित हैं। यमुना नदी के किनारे स्थित इस नगर का गौरवशाली पौराणिक इतिहास है, और पुराणों में इसका विशेष महत्व है। यह भारत का अति प्राचीन नगर है। इसके इतिहास का प्रारम्भ सिन्धु घाटी सभ्यता से जुड़ा हुआ है। हरियाणा के आसपास के क्षेत्रों में हुई खुदाई से इस बात के प्रमाण मिले हैं। दिल्ली सल्तनत के उत्थान के साथ ही दिल्ली एक प्रमुख राजनैतिक, सांस्कृतिक एवं वाणिज्यिक शहर के रूप में उभरी। यहाँ कई प्राचीन एवं मध्यकालीन इमारतों तथा उनके अवशेषों को देखा जा सकता हैं।
दिल्ली का प्राचीनतम उल्लेख महाभारत महापुराण में मिलता है जहाँ इसका उल्लेख प्राचीन इन्द्रप्रस्थ के रूप में किया गया है। इन्द्रप्रस्थ महाभारत काल में पांडवों की राजधानी थी। दिल्ली केवल भारत की राजधानी ही नहीं अपितु यह एक पर्यटन का मुख्य केन्द्र भी है। राजधानी होने के कारण भारत सरकार के अनेक कार्यालय, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, केन्द्रीय सचिवालय आदि अनेक आधुनिक स्थापत्य के नमूने तो यहाँ देखे ही जा सकते हैं; प्राचीन नगर होने के कारण इसका ऐतिहासिक महत्त्व भी है। पुरातात्विक दृष्टि से पुराना किला, सफदरजंग का मकबरा, जंतर मंतर, क़ुतुब मीनार और लौह स्तंभ जैसे अनेक विश्व प्रसिद्ध निर्माण यहाँ पर आकर्षण का केन्द्र समझे जाते हैं। लगभग सभी धर्मों के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल यहाँ हैं जैसे बिरला मंदिर, कात्यायिनी शक्तिपीठ, लाल जैन मंदिर, बंगला साहब गुरुद्वारा, बहाई मंदिर, अक्षर धाम मंदिर और जामा मस्जिद देश के शहीदों का स्मारक इंडिया गेट, राजपथ पर इसी शहर में निर्मित किया गया है। वर्तमान समय में दिल्ली सम्पूर्ण भारत के व्यापार का मुख्य केंद्र बन चूका है।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।
मंदिर के सुचारु संचालन के लिए श्री 1008 दिगम्बर जैन मंदिर समिति का गठन किया गया है। विशेष बात यह है कि मंदिर समिति के सभी प्रमुख पदों पर महिलाएँ नियुक्त हैं, जो इस प्रकार की नियुक्ति बहुत कम मंदिरों में देखने को मिलती है, और यह महिला सशक्तिकरण का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। इसके बावजूद, मंदिर समिति में पुरुष और महिलाएँ मिलकर सामूहिक रूप से निर्णय लेते हैं, जो मंदिर के संचालन को और अधिक प्रभावी और सशक्त बनाता है। मंदिर कार्यकारिणी में नियुक्त सदस्य इस प्रकार हैं -



