
हिसार छोटा जैन मंदिर
उन श्रमिकों की जान बच गई, इस घटना के बाद सभी लोगों ने इसे भगवान मल्लिनाथ जी का अतिशय ही माना।
श्री दिगम्बर जैन छोटा मंदिर, हिसार के संचालन हेतु (रजी०) श्री दिगम्बर जैन छोटा मंदिर सभा, गाँधी चौक, हिसार का निर्माण किया गया है। समिति के सदस्य इस प्रकार है -
परिचय
श्री 1008 मल्लिनाथ दिगम्बर जैन छोटा मंदिर हिसार में स्थित बड़ा जैन मंदिर से आगे गाँधी चौक पर स्थित है। मंदिर जी का निर्माण रामू परिवार एवं सोहनलाल परिवार द्वारा करवाया गया। प्रारंभ में मंदिर का गर्भगृह एक बड़े कमरे में था लेकिन बाद में किसी सज्जन द्वारा मंदिर जी के निर्माण हेतु मकान देने का कार्य किया गया। मकान में पहले से तीन किरायेदार थे, जिनमें से दो किरदारों ने अपनी इच्छा से स्थान छोड़ दिया। लेकिन एक किरायेदार से मकान लेने के लिए 17 साल तक कोर्ट में केस लड़ा गया। बाद में जगह मिल जाने पर मंदिर जी का क्षेत्र बड़ा किया गया। आज मंदिर जी का क्षेत्रफल लगभग 1000 गज में है तथा मंदिर जी में त्यागी भवन निर्माण की योजना चल रही है। बताया जाता है मंदिर शतिग्रस्त हो गया था जिस कारण मंदिर जी का जीर्णोद्धार किया गया। सन् 2017 में आचार्य श्री विरागसागर जी ने लाल किले पर दीक्षा देने के तुरंत बाद हिसार में विहार किया तथा उनकी प्रेरणा से ही मंदिर जी का जीर्णोद्धार किया गया। मंदिर जी का जीर्णोद्धार 2014 में आरंभ होकर 2017 में पूर्ण हुआ। आचार्य श्री विराग सागर जी के शिष्य श्री विरंजन सागर जी का चातुर्मास भी क्षेत्र में हुआ है।
मंदिर जी में मूलतः एक वेदी है जिसकी मूलनायक प्रतिमा मल्लिनाथ भगवान जी की है, जो कि 200 से 300 वर्ष प्राचीन है। इसके अतिरिक्त मंदिर जी में कुल 21 प्रतिमाएँ स्थापित है। मंदिर जी में पंचकल्याण के समय भगवान पार्श्वनाथ जी, मल्लिनाथ भगवान जी एवं शांतिनाथ भगवान जी की अन्य प्रतिमाएँ स्थापित की गई। मंदिर निर्माण में मकराना पत्थर का प्रयोग किया गया है। मंदिर जी के गर्भगृह के बाहर हॉल में समवशरण की रचना की गई है, जो अत्यंत दर्शनीय है। मंदिर जी के गर्भगृह में प्रवेश करने से पहले हमें समवशरण की रचना दिखाई देती है।
अतिशय कथा
राकेश जैन जी मंदिर जी के वर्तमान प्रधान जी द्वारा बताया जाता है कि उनके पिताजी पहले मंदिर जी के प्रधान हुआ करते थे। प्रतिदिन वे दोपहर के समय मंदिर जी में आते थे। एक दिन मंदिर की में छत का कुछ निर्माण कार्य चल रहा था। जब वे मंदिर जी में प्रवेश करने लगे तो उन्हें आवाज आई ''बचो-बचो''। उन्होंने तुरंत कार्य कर रहे श्रमिकों को नीचे उतरने को कहा जैसे ही वे नीचे आये मंदिर की छत नीचे गिर गई।
“उन श्रमिकों की जान बच गई, इस घटना के बाद सभी लोगों ने इसे भगवान मल्लिनाथ जी का अतिशय ही माना।”
इस अतिशय के कारण लोगों की श्रद्धा मंदिर जी को लेकर ओर भी बढ़ गई। एक अन्य वाक्य के बारे में बताया जाता है कि मंदिर जी की दीवारों पर पेंट करने के लिए एक पेंटर अलमारी को हटाने लगा। अलमारी हटाते समय उसके हाथ पर एक बिच्छू ने काट लिया। वह बेचारा रोता हुआ मंदिर जी के बाहर आ गया। प्रतिदिन की तरह इस बार भी मंदिर जी के पूर्व प्रधान दोपहर के समय मंदिर आए। उस पेंटर को रोता देख उन्होंने उसके रोने का कारण पूछा। पेंटर ने उन्हें सारी बात बताई, मंदिर जी के प्रधान जी ने उसे भगवान मल्लिनाथ जी के आगे विनती करने को कहा। जैसे उस व्यक्ति ने प्रतिमा के आगे विनती की उसका हाथ पहले जैसा ठीक हो गया, मानो कुछ हुआ ही ना हो। यह भी भगवान मल्लिनाथ जी का अतिशय ही था जो उसका हाथ तुरंत ठीक हो गया। वर्तमान में मंदिर जी से 80 से 90 परिवारों का समाज जुड़ा है। वे प्रतिदिन मंदिर जी में आकर पूजा एवं जलाभिषेक करते है।
धर्मशाला
हिसार मे 250 से 300 दिगम्बर जैन परिवारों का समाज है। हिसार एक विकसित क्षेत्र होने के कारण हर प्रकार की सुविधाओं से युक्त है। क्षेत्र में मंदिर जी के दर्शन करने आने वाले यात्रियों के लिए उचित व्यवस्था बनी है, जिसमे यात्रियों के ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था भी निर्मित है। वर्तमान मंदिर जी में क्षेत्र में विहार के दौरान आने वाले जैन साधु मुनि जी के लिए 5 कमरों की व्यवस्था की गई है।
इतिहास
प्राचीन शास्त्र उत्तराध्ययन सूत्र में इस्सूकार नगर का कई बार नाम आया है। संस्कृत के विद्वान एवं प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ० वासुदेवशरण अग्रवाल का मानना है कि जैन आगम के इस प्राचीन शास्त्र में वर्णित इस्सूकार नगर ही आज का हिसार नगर है। दिल्ली से उत्तर-पश्चिम का क्षेत्र भ्रमण संस्कृति से प्रभावित रहा है तथा 2600 वर्ष पूर्व भगवान महावीर स्वामी मगंध प्रान्त से विहार कर सिंधु सोमवीर पधारे थे। भगवान महावीर उस समय इस्सूकार नगर भी आये थे तथा इस नगर में 6 जिनेश्वरी दीक्षाएं भी हुई थी। इस की पुष्टि जैन विद्वान व शिक्षाविद् डा० हिम्मतसिंह जैन ने भी की है। शास्त्रों में यह भी उल्लेख आता है कि हिसार के निकट का क्षेत्र भिवानी, दादरी, महेन्द्रगढ़ आदि राजा वर्धन के समय राजपूत जैन बाहुल्य रहा है। इसी का ही परिणाम है कि इस निकटवर्ती क्षेत्र में समय-समय पर भूगर्भ से तीर्थकरों की प्रतिमाएँ प्रकट होती रही है।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।
श्री दिगम्बर जैन छोटा मंदिर, हिसार के संचालन हेतु (रजी०) श्री दिगम्बर जैन छोटा मंदिर सभा, गाँधी चौक, हिसार का निर्माण किया गया है। समिति के सदस्य इस प्रकार है -



