
बहादुरगढ़ पांडुकशिला जैन मंदिर
परिचय
श्री 1008 भगवान पार्श्वनाथ पांडुकशिला मंदिर हरियाणा के बहादुरगढ़ अनाज मंडी में स्थित है। यह मंदिर बहादुरगढ़ अग्रवाल कालोनी में स्थित श्री 1008 महावीर दिगम्बर जैन मंदिर जी के पास में ही स्थित है। पूछताछ से यह बात सामने आती है कि इस स्थान पर श्री जी की रथ यात्रा के उपरांत अभिषेक के लिए पांडुकशिला का निर्माण किया गया था। पांडुकशिला स्थान का प्रयोग पक्षियों के लिए जल एवं दाना देने के लिए दान स्थाल के रूप में भी होता था। क्योंकि भगवान पांडुकशिला पर विराजमान होते है इसलिए यह स्थान भी एक धार्मिक महत्व रखता है। पांडुकशिला का निर्माण चौंक के बीच में था इसलिए समाज के लोगों को लगा कि कोई व्यक्ति जाने-अनजाने में अशुद्धि न कर दे। इसलिए बाद में जैन समाज द्वारा इस स्थान पर प्रतिमा विराजमान करके मंदिर जी का रूप देने का निर्णय लिया ताकि क्षेत्र से गुजरने वाले श्रावक भगवान जी के दर्शन लाभ ले सकें और स्थान की अन्यथा अवहेलना न हो। इसके लिए उन्होंने श्री 1008 पार्श्वनाथ भगवान जी की काले पाषाण की प्रतिष्ठित प्रतिमा को लाकर वेदी में विराजमान किया तथा वेदी के ऊपर काँच के कक्ष का निर्माण किया ताकि प्रतिमा जी सुरक्षित रहें। प्रतिदिन प्रतिमा जी पर जैन श्रावकों द्वारा जलाभिषेक एवं पूजा प्रक्षाल किया जाता है। मंदिर जी का जीर्णोद्धार सन् 2014 में कराया गया है।
धर्मशाला
बहादुरगढ़ में लगभग 500 जैन परिवारों का समाज है। समाज द्वारा मिलकर क्षेत्र में हर प्रकार की गतिविधियों में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया जाता है। क्षेत्र में जैन साधु महाराज जी का आगमन होता है, उनके आने पर रुकने की व्यवस्था के रूप में त्यागी भवन का निर्माण किया गया है। मंदिर जी में प्रतिदिन आने वाले श्रावकों कि शुद्धता का मुख्य रूप से ध्यान रखा गया है। यदि कोई यात्री दूर के क्षेत्र से मंदिर जी में दर्शन करने आते है, तो उनके लिए उचित व्यवस्था का प्रबंध जैन समाज द्वारा किया जाता है, जिससे उसे दर्शन करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इतिहास
बहादुरगढ़ भारतीय राज्य हरियाणा के झज्जर जिले में स्थित है और राज्य के पूर्वी भाग और देश के उत्तरी भाग में स्थित है। यह शहर नई दिल्ली की सीमा (आमतौर पर टिकरी बॉर्डर के नाम से जाना जाता है) पर स्थित है। शहर की स्थापना मुगल सम्राट आलमगीर द्वितीय ने की थी, जो 1754 से 1759 तक दिल्ली के सुल्तान थे। उन्होंने 1754 में फर्रुखनगर के बलूच शासक बहादुर खान और तेज खान को जागीर में शहर दिया था जिन्होंने इसका नाम शरफाबाद से बदलकर बहादुरगढ़ कर दिया था। उनके एक शासक बहादुर खान ने 1793 ई. में एक किले का निर्माण कराया और इसका नाम बहादुरगढ़ किला रखा। बलूच नवाब मराठा सेनाओं से हार गए और 1793 में बहादुरगढ़ सिंधिया के हाथों में आ गया। 1803 में ब्रिटिश राज के हाथों सिंधिया की हार के बाद, लॉर्ड लेक ने शहर की सरकार का नियंत्रण झज्जर के नवाब के भाई को सौंप दिया।
इस मंदिर के बारे में कुछ जानते हैं?
कुछ छूटा हुआ या गलत लगा, या कोई अतिरिक्त जानकारी है? हमें बताएं, हमारी टीम इसे देखेगी।



